यहां नदी से घिरे टापू पर बन रही थी अवैध शराब, दबिश में तैरकर भाग निकले आरोपी
बहराइच
यूपी के बहराइच जिले में नदियों से घिर टापू में कच्ची शराब का धन्धा फलफूल रहा है। टापू बने गांव में दबिश के दौरान भट्ठियां दहकती मिलीं। दबिश पड़ते ही शराब बनाने वाले तैर कर निकल लिए, एक महिला गिरफ्तार की गई। केस दर्ज कर उसे निजी मुचलके पर छोड़ा गया।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र व एसपी सुजाता सिंह के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्लभ लवानिया के नेतृत्व में शनिवार की भोर आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार, विवेक चौहान व आबकारी टीम ने महसी, नानपारा, रामगांव व मोतीपुर इलाके में दबिश दी। मोतीपुर के परवानी गौढ़ी जंगल में नदी पार टापू बने गांव में पांच भट्ठियां जलती, कच्ची शराब बनती पाई गई। वहां एक महिला कच्ची शराब बनाती मिली।
मौके से 140 लीटर कच्ची शराब मिली। लगभग 30 कुंतल लहन, शराब बनाने के उपकरणों, भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्लभ लवानिया ने बताया कि एक महिला सहित पांच लोगों पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पाठको की राय