मुख्यमंत्री विजय रुपाणी मंच पर चक्कर खाकर गिरे, रैली को कर रहे थे संबोधित
वडोदरा
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी रविवार को आगामी निकाय चुनाव के लिए निजामापुरा इलाके में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए मंच पर चक्कर खाकर गिर गए। रुपाणी को पहले मंच पर ही फर्स्ट एड दिया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री को अहमदाबाद लाया गया और चिकित्सा जांच के लिए यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक है और उन्हें 24 घंटे निगरानी में रखा जाएगा। वहीं, यूएन मेहता अस्पताल ने बयान जारी कर कहा है कि विजय रुपाणी की हालत स्थिर है। ईसीजी और सीटी स्कैन सहित उनकी सभी मेडिकल जांच रिपोर्ट सामान्य है। चिंता करने की कोई बात नहीं है। उन्हें 24 घंटे की निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वडोदरा में विजय रुपाणी की यह एक दिन में तीसरी चुनावी रैली थी। बीजेपी नेता भारत डांगर ने एक न्यूज चैनल को बताया, ''जनसभा को संबोधित करते समय मुख्यमंत्री मंच पर गिर पड़े। उन्हें वहां मौजूद उनके सुरक्षा गार्ड्स ने पकड़ लिया। उन्हें इसके बाद एयरपोर्ट ले जाया गया, जहां से अहमदाबाद के अस्पताल ले जाया गया।'' उन्होंने आगे बताया कि सीएम रुणापी का स्वास्थ्य पिछले दो दिनों से ठीक नहीं था, लेकिन शनिवार को जामनगर और रविवार को वडोदरा में हुई रैली को रद्द करने के बजाए, उन्होंने लोगों को संबोधित करना चुना। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अब ठीक हैं। वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा कि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी जी के अस्वस्थ होने का समाचार मिला और साथ ही यह जानकारी भी दी गई कि वे डॉक्टरों की देखरेख में हैं तथा अब बेहतर महसूस कर रहे हैं। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। बता दें कि वड़ोदरा सहित छह नगर निगमों के चुनाव 21 फरवरी को होंगे जबकि नगर पालिकाओं, जिलों और तालुका पंचायतों के चुनाव 28 फरवरी को होंगे।

पाठको की राय