Monday, October 19th, 2026

मुख्यमंत्री ने किया ग्वालियर व्यापार मेले का उद्घाटन

ग्वालियर
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां देश भर में प्रसिद्ध ग्वालियर व्यापार मेला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह मेला न केवल ग्वालियर की पहचान है बल्कि इसे समूचे अंचल की शान माना जाता है। इससे पहले उन्होंने कम वजन के सात बच्चों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर के लिए रवाना किया। मुख्यमंत्री आज शहर को 345 करोड़ रुपए के तमाम विकास कार्यों की सौगातें देने वाले हैं।

साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत 2300 हितग्राहियों को सहयता भी वितरित करेंगे। व्यापार मेले के शुभारंभ अवसर पर सीएम के साथ केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रोद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, संभागायुक्त आशीष सक्सैना एवं कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।


सुबह राजकीय विमान से राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुंचकर सीएम चौहान ने विमानतल परिसर से दीनदयाल एक्सप्रेस एवं भोपाल व अशोक नगर के लिए स्मार्ट सिटी की बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। साथ ही अति कम वजन के बच्चों को इलाज के लिए इंदौर लेकर जा रही बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद श्री चौहान ने विमानतल पर कार्यकर्ताओं से सौजन्य भेंटकर उनका हालचाल जाना।

कई कार्यक्रमों में शामिल हो रहे सीएम

  • मोतीमहल परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन
  • सीएम यहां ई.आॅफिस का भी शुभारंभ करने वाले हैं
  • मानसभागार में बैठक लेकर नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा
  • दोपहर बाद फूलबाग मैदान पर विभिन्न विभागों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
  • विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सहायता का वितरण
  • 3.50 बजे सिरोल पहाड़िया पर अटल स्मारक के लिये चिन्हित भूमि का निरीक्षण
  • 4.30 बजे आरोग्यधाम चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र के 11वें स्थापना दिवस समारोह में
  • शाम 6.30 बजे महाराजपुरा हवाई अड्डे से विमान द्वारा भोपाल के लिए रवानगी

 

#मुख्यमंत्री#ग्वालियर व्यापार मेले

Source : Agency

पाठको की राय