Wednesday, October 21st, 2026

मुख्यमंत्री नीतीश पटना साहिब तख्त श्रीहरमंदिर पहुंचे, गुरु के दरबार में मत्था टेका

पटना 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बिहार की राजधानी पटना स्थित पटना साहिब तख्त श्रीहरमंदिर गए और गुरु के दरबार में मत्था टेका। वे गुरु गोविंद सिंह  महाराज के 354 वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। श्रीहरमंदिर जी प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, सरोपा एवं तलवार भेंटकर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने बाल लीला गुरुद्वारा जाकर भी मत्था टेका, जहां उन्हें सरोपा भेंट किया गया। बाल लीला गुरुद्वारा में बाबा कश्मीर सिंह भूरिवाले एवं छोटे बाबा सुखबिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री को खाट पर बिठाकर स्वागत किया। सीएम ने यहां लंगर भी छका। 

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 350वां प्रकाश पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्घालु यहां आये थे। उसके बाद से यहां बड़ी संख्या में श्रद्घालु आते हैं। इस बार कोरोना को लेकर कार्यक्रम को सीमित रखा गया है। फिर भी देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में श्रद्घालु तख्त हरमंदिर गुरु गोविंद सिंह जी की जन्मस्थली में दर्शन करने आ रहे हैं। हमलोगों के लिये यह गौरव की बात है कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का यहां जन्म हुआ था। हमलोग अपनी श्रद्घा और सम्मान प्रकट करने हर वर्ष यहां आते हैं। हमलोगों की जो श्रद्घा है, उसको प्रकट करना हमलोगों का कर्तव्य है। इससे जनसेवा करने की प्रेरणा मिलती है। आगे कहा कि गुरु नानक देव जी राजगीर में आये थे। वहां शीतल कुंड है और वहां पर भी गुरुद्वारे का निर्माण हो रहा है। 

 

#मुख्यमंत्री नीतीश पटना

Source : Agency

पाठको की राय