Wednesday, October 21st, 2026

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा का विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच बने सुनील नरेन, बनाया खास रिकॉर्ड

 नई दिल्ली 
मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेले गए मैच का सबसे बड़ा टर्निंग प्वॉइंट था रोहित शर्मा का विकेट। मुंबई इंडियंस ने 9.1 ओवर में बिना विकेट गंवाए 78 रन बना लिए थे और कप्तान रोहित शर्मा 29 गेंद पर 33 रन बनाकर खेल रहे थे। रोहित तब तक चार चौके जड़ चुके थे और ऐसा लग रहा था कि बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन तभी केकेआर के स्टार स्पिनर सुनील नरेन ने उन्हें शुभमन गिल के हाथों कैच कराके केकेआर को पहली सफलता दिलाई। इस विकेट के बाद मुंबई इंडियंस की हालत हर ओवर के साथ खस्ता होती गई। एक समय लग रहा था कि मुंबई इंडियंस की टीम कम से कम 180 रन बनाएगी, लेकिन रोहित के विकेट के बाद लगातार विकेट गिरते रहे और डिफेंडिंग चैंपियन टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 155 रन ही बना सकी। रोहित को आउट कर नरेन ने मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड तो जीता ही, साथ ही एक खास रिकॉर्ड भी बनाया।

रोहित शर्मा vs सुनील नरेन
नरेन ने अपने खाते के चार ओवर में महज 20 रन खर्चे और रोहित का विकेट निकाला, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद नरेन ने कहा, 'किसी भी फॉर्मेट में रोहित का विकेट लेना बढ़िया होता है, वह मुंबई इंडियंस के अहम खिलाड़ी हैं।' आईपीएल में किसी एक बल्लेबाज को सबसे ज्यादा बार आउट करने के मामले में नरेन ने जहीर खान और संदीप शर्मा की बराबरी कर ली है। जहीर ने धोनी को सात बार आउट किया है, वहीं संदीप ने विराट कोहली को सात बार पवेलियन वापस भेजा है। नरेन ने भी आईपीएल में सातवीं बार रोहित को अपना शिकार बनाया और इन दो गेंदबाजों की बराबरी कर ली।

 

#रोहित शर्मा

Source : Agency

पाठको की राय