महाराष्ट्र: वन मंत्री संजय राठौड़ ने दिया इस्तीफा , पूजा चव्हाण खुदकुशी केस
मुंबई
महाराष्ट्र के वन मंत्री संजय राठौड़ (Sanjay Rathod) ने पुणे में टिकटॉक स्टार पूजा चव्हाण (Pooja Chavan in Pune) की आत्महत्या मामले में इस्तीफा दे दिया है। दरअसल महाराष्ट्र में प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी ने पहले चेतावनी दी थी कि वह 1 मार्च से शुरू होने वाले बजट सत्र की अनुमति नहीं देगी, अगर मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया।
इससे पहले पुणे में टिकटॉक स्टार पूजा चव्हाण की आत्महत्या मामले में बीजेपी ने आक्रमक रुख अख्तियार कर लिया है। बीजेपी विधायक अतुल भातखलकर ने कहा था कि जब तक संजय राठौड़ की गिरफ्तारी नहीं होती और वे इस्तीफा नहीं देते तब तक बीजेपी सदन नहीं चलने देगी।
इससे पहले विपक्ष के सवालों पर संजय राउत ने कहा था कि यह मामला महाराष्ट्र सरकार से संबंधित है और सरकार इस पर कार्रवाई करेगी. राठौड़ सीनियर मंत्री हैं और पार्टी का बड़ा चेहरा भी हैं. सीएम उद्धव ठाकरे ने मामले की जांच के लिए कहा है. पार्टी में इसे लेकर कोई संशय नहीं है. जब इस मुद्दे पर सीएम और डिप्टी सीएम ने बोला है तो आप कैसे कह सकते हैं कि शिवसेना ने मामले पर चुप्पी साध ली है.
इस बीच संजय राठौड़ के इस्तीफे पर बीजेपी की ओर से बयान आया है. बीजेपी नेता अतुल भाटखलकर का कहना है कि वे तब तक दबाव बनाते रहेंगे जब तक कि राठौड़ पर एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती. बीजेपी नेता ने कहा कि पूजा चव्हाण का अबॉर्शन करने वाले डॉक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए.
मालूम हो कि पुणे की 22 वर्षीय टिक टॉक स्टार पूजा चव्हाण ने बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी थी. पूजा की मौत के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हंगामा मच गया. क्योंकि पूजा का नाम महाराष्ट्र के वन मंत्री संजय राठौड़ के साथ जोड़ा गया. पूजा की खुदकुशी के मामले में संजय राठौड़ का नाम आने के बाद से शिवसेना प्रमुख और सूबे के सीएम उद्धव ठाकरे पर राठौ़ड़ के इस्तीफे को लेकर दबाव बनाया जा रहा था.

पाठको की राय