Thursday, October 22nd, 2026

मनीष गुप्ता हत्याकांड: रोते हुए मीनाक्षी ने पुलिसकर्मी पर लगाया गंभीर आरोप, कहा- पीट-पीटकर की हत्या

कानपुर
36 वर्षीय मनीष कुमार गुप्ता की गोरखपुर जिले के एक हॉटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जिसका अंतिम संस्कार गुरुवार 30 सितंबर की सुबह कर दिया गया है। तो वहीं, इस मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक छह पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड कर दिया गया था और पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से 10 लाख रुपए अनुग्रह राशि भी दी गई। कानपुर डीएम विशाख अय्यर ने 29 सितंबर को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ आज कानपुर आ रहे है वो यहां पीड़ित परिवार से मिलेंगे।

 हालांकि, मनीष कुमार गुप्ता के परिजनों ने गोरखपुर पुलिस पर बड़े ही गंभीर आरोप लगाए है। आरोप है कि गोरखपुर पुलिस ने हॉटल में छापेमारी के दौरान पीट-पीटकर मनीष गुप्ता की हत्या कर दी। मनीष गुप्ता की मौत के बाद पत्नी मीनाक्षी गुप्ता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो फूट-फूटकर रोते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगा रही है। मार्मिक अपील का यह वीडियो महज 30 सेकंड का है जिसमें मीनाक्षी हाथ जोड़कर रोते हुए नजर आती हैं। वहीं, पीछे कुछ लोग और पुलिस खड़ी हुई है। इस दौरान मीनाक्षी रोते हुए कहती हैं, मेरी आप सभी से विनती है। इस होटल में मेरे हस्बैंड का खून हुआ है। एक पुलिसवाले ने खून किया है। 

मीनाक्षी आगे कहती हैं, प्लीज न्याय दिला दीजिए। आप देखिए कि बाकी सारी वीडियो क्लिप में कहीं भी खून नहीं है, लेकिन वो (मेरे पति) खून से लथपथ थे। इसके बाद मीनाक्षी ने दोस्तों का हवाला देते हुए कहा, उनके दो दोस्तों ने भी बताया है कि यहीं पर खून भरा हुआ था। लेकिन होटल वालों ने सब साफ करवा दिया है। प्लीज मदद करिए। मेरे पति को न्याय दिलाइए। हालांकि, न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मीनाक्षी ने कहा कि 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमारा सहयोग किया है। हमारी एफआईआर दर्ज़ नहीं हो रही थी उन्होंने हमारा केस दर्ज़ कराया है।'
 

 

#मनीष गुप्ता हत्याकांड

Source : Agency

पाठको की राय