Sunday, October 25th, 2026

मकड़ी की प्रजाति का नाम 26/11 हमले के हीरो ASI तुकाराम के नाम पर रखा गया 

नई दिल्ली
हाल ही  में पाई गई मकड़ी की नई प्रजाति, आइसियस तुकारामी, का नाम मुंबई पुलिस के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर तुकाराम ओंबले के नाम पर रखा गया है। तुकाराम ने मुंबई में हुए 26/11 के बड़े हमले में अपनी जान देकर आतंकी अजमल कसाब को पकड़ा था। पहली बार रिसर्चर्स की एक टीम द्वारा प्रकाशित एक पेपर में आइसियस तुकारामी शब्द का जिक्र किया गया था। इस पेपर में भारत के महाराष्ट्र में पाई गई मकड़ी जेनेरा फिंटेला और आईसियस की दो नई प्रजातियों के बारे में जानकारी दी गई है।

 रीसर्च में साफ किया गया है: "मकड़ी को ये खास नाम 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के हीरो, एएसआई तुकाराम ओंबले एसी को समर्पित है। उन्होंने अपने सीने पर 23 गोलियां खाकर भी कसाब का गिरेबान पकड़े रखा और उसकी बंदूक को अपनी ओर से हिलने नहीं दिया। यही वजह थी कि  पीछे खड़े अन्य पुलिस कर्मियों की जान भी बची और आतंकी को पकड़ा जा सका।

 26/11 की रात सीएसटी रेलवे स्टेशन पर हमला कर अजमल कसाब और उसके साथी आतंकी इस्माइल खान ने कामा अस्पताल को निशाना बनाया था। दोनों आतंकी अस्पताल के पिछले गेट पर पहुंचे लेकिन स्टाफ ने सभी दरवाजे अंदर से बंद कर लिए थे। इसके बाद दोनों ने अस्पताल के बाहर एक पुलिस दल पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे सहित छह अधिकारी मारे गए।

 

#मकड़ी की प्रजाति

Source : Agency

पाठको की राय