भोपाल-इंदौर में गिर सकते हैं ओले, ग्वालियर समेत MP के कई जिलों में आज हो सकती है बारिश
भोपाल
ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभागों तथा भोपाल व राजगढ़ जिलों के अलग-अलग स्थानों पर रविवार सुबह से भारी कोहरा होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में कई स्थानों खासकर पश्चिमी हिस्सों में दूसरी बार बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने बताया कि इस साल की पहली बारिश दो जनवरी से शुरू हुई थी. अब इसका दूसरा दौर शुरू होने की संभावना है. मौसम का यह मिज़ाज पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला है. इस साल की दूसरी बारिश का दौर लंबे समय तक नहीं चलेगा. रविवार को जब बादल होंगे तो सर्दी पड़ने की संभावना है.
जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश में रविवार को बौछारें पड़ने की उम्मीद है. इस सर्दी की यह तीसरी बौछार होगी. इन सर्दियों में दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में पहली बार बारिश हुई थी. दो जनवरी से मध्य प्रदेश में पारा कुछ ऊपर चढ़ गया है. सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस प्रदेश के खरगोन, उमरिया और मंडला जिलों में दर्ज किया गया.
पश्चिम अफगानिस्तान और अरब सागर में दो सिस्टम बनने से प्रदेश में बारिश की संभावना बढ़ गई है. अगले 48 घंटों में भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर और सागर संभाग में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. इसके साथ ही भोपाल और इंदौर संभाग में ओलावृष्टि भी हो सकती है.प्रदेश के अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है.प्रदेश में बादलों के चलते तापमान में कमी नहीं आ पा रही है. साथ ही उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं का असर प्रदेश पर देखने को नहीं मिल रहा है.
मौसम वैज्ञानिक जेपी विश्वकर्मा के अनुसार अरब सागर से आ रही नमी के चलते तकरीबन 14 जनवरी के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.वहीं भोपाल का न्यूनतम 19.2 डिग्री दर्ज किया गया है. उनके अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज यूं ही बना रहेगा. कई स्थानों पर ओला गिरने की चेतावनी दी है. कई स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे दिन ओर रात के तापमान में भारी कमी आएगी वहीं ऊपरी चक्रवात से दिन में भी कोहरा छाया रहेगा.
हालांकि नई फ़सल के लिए यह पानी लाभदायक रहेगा. मगर पशुओं और आम लोगों के लिए यह बारिश आफत की बारिश साबित होगी. लोगों को इस बारिश में भीगने से कई तरह की बीमारियों में घिरने का डर रहेगा. वहीं सर्दी खांसी के मरीजों में इजाफा होगा, मौसमी बीमारियों के अलावा जानवरो से होने वाली बीमारियों का असर भी बढ़ेगा मौसम में नमी के चलते विशेष सावधानी वरतने की बात भी कही है.

पाठको की राय