Wednesday, October 21st, 2026

भारत-चीन के बीच बनी सहमति: पूर्वी लद्दाख में सैनिकों की वापसी के लिए जल्द होगी वार्ता

नई दिल्ली।
भारत और चीन ने पूर्वी लद्दाख में संघर्ष वाले शेष क्षेत्रों से अपने सैनिकों की पूर्ण रूप से वापसी पर औपचारिक सहमति प्रकट की है। इसके लिए जल्द ही अगले दौर की सैन्य वार्ता आयोजित करने पर सहमति प्रकट की है। दोनों देशों के बीच गुरुवार को सीमा मामलों पर विचार-विमर्श एवं समन्वय संबंधी कार्यकारी तंत्र (डब्ल्यूएमसीसी) की 23वीं बैठक में यह सहमति बनी है। दोनों देशों के बीच यह बैठक वर्चुअल तरीके से आयोजित की गई। बैठक के बाद विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है। दरअसल, पूर्वी लद्दाख में पिछले साल मई में उत्पन्न हुए तनाव को खत्म कने और सैनिकों की पूर्ण वापसी को लेकर अब तक दोनों देशों के सैन्य कमांडरों के बीच 13 दौर की वार्ताएं हो चुकी हैं। इन वार्ताओं में पहले प्रगति हुई थी और पेंगोंग तथा गोगरा से सैनिकों की वापसी हुई है। लेकिन हाट स्प्रिंग एवं डेप्सांग समेत कुछ स्थानों पर अभी भी सैनिकों की बड़े पैमाने पर तैनाती जारी है तथा हर तरफ से करीब पचास-पचास हजार सैनिक तैनात होने का अनुमान है।

10 अक्तूबर को हुई वार्ता बेनतीजा रही
लेकिन विगत 10 अक्तूबर को हुई 13वें दौर की वार्ता में गतिरोध उत्पन्न हो गया था। चीन अपने रुख पर अड़ गया था और यह वार्ता बेनतीजा रही थी। तब यह माना गया कि वार्ता पटरी से उतरी गई है। लेकिन अब पुन इसके पटरी पर आने के संकेत मिल रहे हैं। बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर स्थिति के संबंध में 'स्पष्ट एवं गहराई' के साथ चर्चा की और पिछले सैन्य स्तर की वार्ता के बाद के घटनाक्रम की समीक्षा की।

जल्द ही 14वें दौर की बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी
मंत्रालय ने कहा कि इस बात पर सहमति बनी कि वर्तमान द्विपक्षीय समझौतों एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप पश्चिमी सेक्टर में एलएसी पर संघर्ष के सभी क्षेत्रों से पूरी तरह से पीछे हटने के उद्देश्य को हासिल करने के लिए जल्द ही किसी तारीख पर वरिष्ठ सैन्य कमांडर स्तर की अगले यानी 14वें दौर की बैठक आयोजित की जाए।

दोनों पक्ष जमीनी स्तर पर स्थिरता बनाये रखेंगे
बयान के अनुसार इस बात पर भी सहमति बनी कि तब तक दोनों पक्ष अंतरिम रूप से जमीनी स्तर पर स्थिरता बनाये रखेंगे और किसी अप्रिय घटना से बचेंगे। दोनों पक्षों ने विदेश मंत्री जयशंकर और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के बीच सितंबर में दुशांबे में हुई बैठक के दौरान बनी इस सहमति को भी याद किया कि दोनों पक्ष पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर शेष मुद्दों के समाधान के लिए बातचीत करना जारी रखेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस सहमति के बाद अगले कुछ दिनों के भीतर वरिष्ठ कमांडरों की बैठक आयोजित होने की संभावना है। जल्द ही तिथि का ऐलान हो सकता है।

 

#भारत-चीन

Source : Agency

पाठको की राय