Wednesday, October 21st, 2026

बिहार में रूपेश हत्याकांड में बिहार पुलिस की एसआईटी ने बिल्डर और उसकी पत्नी समेत तीन को उठाया

पटना 
बिहार में हाईप्रोफाइलन इंडिगो के स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह हत्याकांड के मामले में एसआईटी ने छापेमारी कर खगौल के एक बड़े बिल्डर को उठा लिया। उसकी निशानदेही पर रामकृष्णानगर से बिल्डर की पत्नी और उसके एक दोस्त को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। तीनों से गोपनीय स्थान पर एसआईटी पूछताछ कर रही है। एसआईटी ने शनिवार की रात यह कार्रवाई की।

खासकर स्टेशन मैनेजर से बिल्डर के बीच रहे कनेक्शन को एसआईटी खंगालने में जुटी है। सूत्रों की मानें तो बिल्डर से पूछताछ में पुलिस को हत्याकांड से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। ऐसा हुआ तो रूपेश सिंह हत्याकांड की गुत्थी जल्द सुलझ सकती है। लाइनर और शूटर पकड़े जा सकते हैं। हालांकि अभी इस बारे में पुलिस का कोई आला अधिकारी स्पष्ट बताने को तैयार नहीं है। 

दरअसल, इंडिगो के स्टेशन हेड रूपेश सिंह की हत्या 12 जनवरी की देर शाम सवा सात बजे गोली मारकर कर दी गई थी। वारदात को हुए करीब 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। फरार शूटरों और लाइनर की तलाश में एसआईटी लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। टेंडर, आपसी विवाद, पार्किंग ठेका समेत करीब छह अहम बिन्दुओं पर पुलिस की जांच जारी है। 

सूत्रों की मानें तो इसी कड़ी में शनिवार की रात एसआईटी ने पटना के एक बड़े बिल्डर पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पटना में रहने वाले इस बिल्डर को एसआईटी ने दानापुर के खगौल रोड में छापेमारी कर उठाया है। बताया जा रहा है कि खगौल में यह बिल्डर एक मॉल भी बनवा रहा है। रूपेश हत्याकांड से इस बिल्डर का क्या कनेक्शन है? इस बारे में पुलिस कुछ भी बता नहीं रही है, लेकिन कल रात से ही बिल्डर, उसकी पत्नी और दोस्त से लगातार उससे पूछताछ की जा रही है।
 

 

#बिहार में रूपेश हत्याकांड

Source : Agency

पाठको की राय