बिहार में कल से मैट्रिक की परीक्षा शुरू
पटना
बिहार में कदाचार मुक्त मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2021 के लिए इस बार उत्तरपुस्तिका और ओएमआर पर परीक्षार्थी का फोटो दिया गया है। यह वही फोटो होगा जो परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र पर रहेगा। इससे उत्तरपुस्तिका सुरक्षित रहेगी। परीक्षा के दौरान छात्र के चेहरे से उत्तरपुस्तिका का मिलान किया जायेगा। इसकी जानकारी बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने दी। उन्होंने बताया कि प्रश्न पत्र में सौ फीसदी अतिरिक्त विकल्प दिए जाएंगे। बोर्ड द्वारा पहली बार वस्तुनिष्ठ और विषयानिष्ठ में सौ फीसदी अतिरिक्त प्रश्नों का विकल्प दिया जायेगा। इससे छात्रों को उत्तर देने में सुविधा होगी। ज्ञात हो कि मैट्रिक की परीक्षा 17 से 24 फरवरी तक चलेगी।
ठंड को देखते हुए इंटर की तरह मैट्रिक परीक्षार्थी भी परीक्षा केंद्र पर जूता-मोजा पहन कर जाएंगे। इस बार मैट्रिक परीक्षा में कुल 16 लाख 84 हजार 466 परीक्षार्थी शामिल होंगे। आधे परीक्षार्थी प्रथम पाली और आधे परीक्षार्थी द्वितीय पाली में शामिल होंगे। बोर्ड की मानें तो अगर किसी छात्र के प्रवेश पत्र में फोटो की त्रुटि हो तो भौतिक सत्यापन करके प्रवेश दिया जायेगा। भौतिक सत्यापन के लिए परीक्षार्थी को आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और फोटायुक्त बैंक पासबुक में से किसी एक दस्तावेज को लेकर आना होगा।

पाठको की राय