Tuesday, October 20th, 2026

बिहार के 37 जिलों में बनाए जाएंगे 120 नये बाईपास 

पटना 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय-2 के अंतर्गत सुलभ संपर्कता के तहत राज्य में बाईपास और फ्लाईओवर निर्माण की तैयारी की समीक्षा की।  बिहार के 37 जिले समेत अन्य शहरों में बाईपास बनाने के लिए स्थल सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया गया है। 120 नये बाईपास का निर्माण अगले तीन सालों में पूरा कर लिया जाएगा। 

मुख्यमंत्री के समक्ष पथ निर्माण विभाग ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पूरी बातें रखीं। दो घंटे की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुलभ संपर्कता के लिए शहरी क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार बाईपासों एवं फ्लाईओवरों के निर्माण के लिए कार्ययोजना बनाकर काम करें। साफ निर्देश दिया कि बाईपास  पथों को अधिक-से-अधिक चौड़ा बनाएं, ताकि भविष्य की जरूरतें पूरी कर सकें। दो टूक कहा कि कोई भी बाईपास सात मीटर से कम चौड़ा नहीं होगा। 

शहर के अंदर भी फ्लाईओवर के निर्माण के लिए आकलन कर उस पर कार्य करें। इससे यातायात सुगम होगा और लोगों को जाम से निजात मिलेगी। साथ ही समय की भी बचत होगी। बाईपास पथों के चयन में इस बात का ध्यान रखें कि भूमि अधिग्रहण कम से कम हो। मुख्यमंत्री के समक्ष विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने प्रस्तुतीकरण कर शहरी क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार बाईपास अथवा फ्लाईओवरों के निर्माण की विस्तृत जानकारी दी। 37 जिलों में पथवार अध्ययन कर जाम लगने वाले स्थानों का चयन, जिलावार बाईपासों की संख्या तथा उनकी कुल लंबाई के संबंध में भी जानकारी दी। 

 

#120 नये बाईपास 

Source : Agency

पाठको की राय