बिहार के साढ़े तीन लाख किसानों का होगा सत्यापन
पटना।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़े बिहार के 3.28 लाख किसानों का भौतिक सत्यापन होगा। केन्द्र सरकार ने योजना की जांच के लिए रैन्डम तरीके से इन किसानों का चयनकर उसकी सूची राज्य सरकार को दी है। निर्देश के मद्देनजर कृषि विभाग ने प्रखंडों में यह सूची भेज दी है। साथ ही भौतिक सत्यापन का निर्देश दिया है।
दरअसल, राज्य के लगभग 60 लाख किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का लाभ लेते हैं। उनमें से आयकर देने वाले 32 हजार किसानों को यह राशि मिलनी बंद हो गई है। इसी के साथ कृषि निदेशक डीपी त्रिपाठी ने केन्द्र सरकार से मिली सूची के अनुसार किसानों का भौतिक सत्यापन शुरू करा दिया है। इस काम में प्रखंड कृषि अधिकारियों (बीएओ) को लगाना है, लेकिन काम अधिक होने और खरीफ की खेती का पीक सीजन होने के कारण सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम), प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) को भी इसमें लगाया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि इस योजना में कहीं फर्जीवाड़ा तो नहीं हो रहा है।

पाठको की राय