बिना पहचान पत्र वाले भिखारी, लावारिस और मजदूरों को लगेगी वैक्सीन, आज से शुरू होगा अभियान
लखनऊ
राजधानी में बिना पहचान पत्र के रह रहे भिखारी, लावारिस व मजदूरों को अब वैक्सीन लगेगी। स्वास्थ्य विभाग बिना पहचान पत्र वाले लोगों का ब्यौरा जुटा रहा है। इलाके वार टीमें बनाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग मंदिरों के बाहर बैठे भिक्षा वाले लोग, बेसहारा, दूसरे जिलों से आये मजदूर, रेलवे व बस स्टेशन के आसपास रहने वाले औऱ नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती लोगों की पहचान करके उन्हें टीका लगाएगा।
जिला इम्यूनाइजेशन के नोडल अधिकारी डॉ. एमके सिंह के मुताबिक 100 फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य पाने के लिए यह योजना बनाई गई है।राजधानी में स्वास्थ्य महकमे ने टीकाकरण से वंचित बिना आधार कार्ड या अन्य किसी पहचान पत्र वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। टीमें ऐसे लोगों को ढूंढकर उनका टीकाकरण करेंगी।
सोमवार से डाक्टरों की टीमें हनुमान मंदिर, शनि मंदिर और चौक में बिना पहचान पत्र वालों का टीकाकरण करेंगी। इसके लिए लोगों का नाम, मोबाइल नंबर और निवास का पता नोट किया जाएगा। हर इलाके में करीब 60 से 70 ऐसे लोग हैं जिन्होंने पहचान पत्र न होने की वजह से टीकाकरण नहीं करवाया है।

पाठको की राय