Tuesday, October 20th, 2026

बालिका दिवस पर एक दिन के लिए अफसर बनकर कामकाज संभालेंगी बेटियां

 लखनऊ  
राष्‍ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर रविवार को प्रदेश में ‘नायिका’ मेगा इवेंट का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत मेधावी बालिकाओं एवं जेंडर चैंपियन महिलाओं को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का सांकेतिक रूप से पद ग्रहण कर एक दिन के लिए कामकाज संभालने का मौका दिया जाएगा।

महिला कल्याण विभाग के निदेशक मनोज कुमार राय ने बताया गया कि राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सभी जिलों में ‘नायिका’ मेगा इवेंट  का आयोजन कर मेधावी बालिकाओं व जेंडर चैंपियन महिलाओं को एक दिन के लिए प्रशासनिक पदों पर तैनात कराकर उनका सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही उनको अन्य लोगों के लिए रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्यक्रम से दूसरी बालिकाओं और महिलाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। 

महिला कल्‍याण विभाग और बाल विकास सेवा एवं पुष्‍टाहार विभाग के संयुक्‍त सहयोग से चलाए जाने वाले इस अभियान के तहत 10वीं व 12वीं कक्षा में राज्‍य बोर्ड से प्रथम आने वाली छात्राओं को पांच हजार और बीस हजार रुपये की नकद राशि से पुरस्‍कृत भी किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश की लगभग 450 मेधावी छात्राओं और पांच हजार जेंडर चैंपियन को मिशन शक्ति अभियान के तहत सम्‍मानित किया गया है।

विभाग के अफसरों का कहना है कि आधी आबादी को सशक्‍त बनाने के सरकारी प्रयास जमीनी स्‍तर पर रंग ला रहे हैं। प्रदेश की महिलाओं व बेटियों को इस अभियान से न सिर्फ सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है बल्कि उनको इन योजनाओं का लाभ भी सीधे तौर पर मिल र‍हा है। इस दिशा में एक और सकारात्‍मक कदम उठाते हुए 22 जनवरी को सरकारी अस्‍पतालों में जन्‍म लेने वाली बेटियों का जन्‍मदिवस मनाया गया। इसके तहत योगी सरकार की ओर से मां-बेटी को उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम के तहत यूपी की 2005 नवजात बेटियों को सम्‍मानित किया गया। 
 

 

#संभालेंगी बेटियां

Source : Agency

पाठको की राय