Wednesday, October 21st, 2026

बदला मौसम,ठंड की फिर हुई वापसी

रायपुर
राज्य के कुछ इलाकों में एकाएक ठंड की वापसी हो गई है। कई जिलों में तो कड़ाके की ठंड पडऩे लगी है उसमें बस्तर व सरगुजा संभाग शामिल है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ऐसा उत्तर से आ रही सूखी और ठंडी हवाओं के असर से हुआ है।

बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में सोमवार सुबह का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह एक दिन पहले दर्ज हुए न्यूनतम तापमान से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम है। दूसरे जिलों में भी न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सरगुजा संभाग में तापमान मामूली रूप से कम हुआ है, लेकिन वहां के अधिकांश हिस्से में मंगलवार से शीतलहर शुरू हो सकता है।मौसम विज्ञान केंद्र, रायपुर के एक्सपर्ट एचपी चंद्रा ने बताया, बस्तर संभाग में आज से शीतलहर शुरू हो गया है। कल भी शीतलहर की प्रबल संभावना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में उत्तर पूर्व से सूखी और ठंडी हवा आने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। उन्होंने बताया, ठंडी हवा चलने के कारण दिन के तापमान में भी थोड़ी गिरावट संभावित है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहने तथा आकाश साफ रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान करीब स्थिर बना हुआ है। हालांकि रात में और सुबह अच्छी ठंड महसूस की जा रही है।

 

#बदला मौसम#ठंड

Source : Agency

पाठको की राय