बगैर टोपी-झंडे के किसानों के साथ खड़े रहेंगे AAP कार्यकर्ता
लखनऊ
गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली के लाल किले पर हुए बवाल के बाद माना जा रहा था कि किसान आंदोलन कमजोर पड़ गया है. कई जगह चल रहे धरने समाप्त भी हुए लेकिन गाजीपुर बॉर्डर पर किसान एक बार फिर एकजुट हो गए हैं और धरना प्रदर्शन पुरानी रफ्तार पकड़ चुका है. इस बीच आम आदमी पार्टी भी किसानों के समर्थन में उतर आई है. आम आदमी पार्टी ने किसान आंदोलन का सड़क से संसद तक समर्थन करने का ऐलान किया है. साथ ही कहा है कि आप कार्यकर्ता बिना पार्टी के झंडे और टोपी के किसानों के साथ खड़े होंगे.
बता दें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने धरने में किसानों के लिए दिल्ली से पानी और शौचालय की व्यवस्था कराकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. के डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया भी गाजीपुर बार्डर पहुंचकर मौजूदा हालातों का जायजा ले चुके हैं.
आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह कहते है कि ‘किसानों के आंदोलन को कुचलने के लिये गाजीपुर बॉर्डर पर योगी सरकार ने पानी व्यवस्था, शौचालय की व्यवस्था हटवा दी है. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. जबकि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने रात में ही किसानों के लिए पानी और शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध करा दी है.’ उन्होंने कहा कि AAP पहले दिन से ही किसानों के इस आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी हुई है. पार्टी के विधायक, सांसद एक एक कार्यकर्ता सेवादार बन कर सेवा कर रहे हैं. लेकिन योगी सरकार किसानों को बदनाम कर रही है. उनके ऊपर बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज कर रही है. किसानों को आंदोलन करने से रोक रही है.
भाजपा के लोग देश के अन्नदाता को आतंकवादी, खालिस्तानी, पाकिस्तानी कह रहे
सभाजीत सिंह ने कहा, ‘भाजपा के लोग देश के अन्नदाता को आतंकवादी, खालिस्तानी, पाकिस्तानी कह रहे हैं. ये दुर्भाग्यपूर्ण है. योगी-मोदी सरकार की तानाशाही है, लेकिन AAP किसानों के इस आंदोलन का सड़क से लेकर सदन तक समर्थन करेंगी. और उत्तर प्रदेश का एक-एक कार्यकर्ता किसानों के इस संघर्ष में साथ खडा रहेगा.’

पाठको की राय