Tuesday, October 20th, 2026

बंगाल चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही हिंसा, बीजेपी की गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़

कोलकाता                                  
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है, लेकिन फिर भी हिंसा की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। राज्य में बीजेपी की चुनावी गाड़ियों में बीती रात तोड़फोड़ की गई। कोलकाता में हुई घटना के बाद बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया है। बीजेपी का दावा है कि टीएमसी के लोगों ने पार्टी की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इसके साथ ही बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि गुंडों ने चुनाव आयोग को चुनौती दी है।

बीजेपी के चुनाव प्रचार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली इन गाड़ियों में कई के शीशे तोड़ दिए गए। गाड़ी की दोनों आगे वाली सीटों पर कांच के टुकड़े फैल गए। एक बीजेपी नेता ने बताया कि उन्होंने ड्राइवर के साथ भी मारपीट की है। इसके अलावा, गाड़ी में मौजूद सभी लैपटॉप, मोबाइल फोन को वे ले गए और एलईडी स्क्रीन्स को भी नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि यह टीएमसी का पैटर्न है।

बंगाल में बीजेपी प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें कुछ लोग वहां खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ विजयवर्गीय ने लिखा, ''आज ही चुनाव आयोग ने बंगाल चुनाव तिथि की घोषणा की और तृणमूल कांग्रेस के गुंडो ने बिना डर के रात 11 बजे बीजेपी के काड़पारा (कोलकाता) गोडाउन्न में घुसकर एलईडी गाड़ियां फोड़ी और एलईडी भी खोलकर ले गए।'' उन्होंने आगे कहा कि शायद गुंडों ने चुनाव आयोग को चुनौती दी है।'' इसके साथ ही विजयवर्गीय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी टैग किया। 

 

#बंगाल चुनाव

Source : Agency

पाठको की राय