प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी घोषित, एक भी सिंधिया समर्थक नहीं
भोपाल
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने 11 महीने के इंतजार के बाद बुधवार को अपनी टीम का ऐलान किया। शर्मा की बनाई कार्यकारिणी में पहले की तरह सीएम शिवराज सिंह चौहान के समर्थकों को सबसे ज्यादा तरजीह दी गई है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों को शामिल कर शर्मा ने संतुलन साधने की कोशिश की है। इसमें सबसे बड़ा झटका राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को लगा है, क्योंकि उनके एक भी समर्थक को नई कार्यकारिणी में शामिल नहीं किया गया है।
शर्मा की टीम में कांतदेव सिंह उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। उन्हें केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का समर्थक माना जाता है। तोमर के एक अन्य करीबी मदन सिंह कुशवाहा प्रदेश मंत्री बने हैं। इसी तरह, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के समर्थक जीतू जिराती और विधायक बहादुर सिंह सोंधिया को शर्मा ने प्रदेश मंत्री बनाया है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान के कम से कम 8 करीबियों को वी डी शर्मा ने अपनी टीम में शामिल किया है। इनमें भोपाल के पूर्व मेयर आलोक शर्मा और महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष कुसुम सिंह शामिल हैं जिन्हें अब प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा 4 प्रदेश मंत्री भी शिवराज के समर्थकों में शामिल हैं। इनमें लता वानखेडे, प्रभुदयाल कुशवाहा, राजेश पांडे और ललिता यादव भी सीएम के विश्वासपात्रों में गिने जाते हैं।

पाठको की राय