प्रदेश की सुरक्षा को खतरा ,पांव पसार रहा अलकायदा-राज्यपाल धनखड़
नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद राज्यपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बंगाल में सुरक्षा हालात खतरे में है. यहां अल क़ायदा ने पांव पसार लिए हैं. जगह-जगह बम बनाने की फैक्ट्रियां खुल गई हैं. मैं जानना चाहता हूं कि वहां का प्रशासन क्या कर रहा है. वहां के डीजीपी का राज किसी से खुला नहीं है. इसलिए मैंने कहा कि प्रदेश की पुलिस का राजनीतिकरण हो गया है.
उन्होंने आगे कहा, "पश्चिम बंगाल में मां भारती के सपूत को बाहरी कहा जाता है, क्योंकि वो बंगाल की भूमि से नहीं हैं. ये बेहद दुखी करने वाला है. किसी भारतीय को बाहरी कहना संविधान के खिलाफ है. संवैधानिक के खिलाफ कुछ भी होता है तो मेरे दिल को दुख पहुंचता है. हम सभी मां भारती की संतान हैं और एकता में विश्वास करते हैं. मां भारती की धरती पर रहने वाले किसी भी शख्स को बाहरी नहीं कहा जा सकता है."
उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल के लिए 2021 चुनौतियों वाला साल है, क्योंकि यहां पर विधानसभा चुनाव होने वाला है. पश्चिम बंगाल की इमेज बदलने के लिए यह बढ़िया मौका है. क्योंकि अब तक इन इलाकों में चुनाव के दौरान काफी हिंसा देखने को मिली है. यहां पर वोटर्स के मौलिक अधिकार, ब्यूरोक्रोसी के रोल और पुलिस के कर्तव्य के साथ समझौता किया जा रहा है.
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राज्यपाल धनखड़ और गृह मंत्री अमित शाह के बीच हुई इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है. जगदीप धनखड़ ने पिछले साल अक्टूबर में भी गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी.

पाठको की राय