पेपर लीक: बिहार बोर्ड ने दर्ज कराई FIR तो तेजस्वी बोले- पत्रकारों को जेल भेजेंगे नीतीश कुमार
पटना
बिहार बोर्ड ने मैट्रिक की अंग्रेजी विषय की परीक्षा का पेपर लीक होने की गलत सूचना सोशल मीडिया पर फैलाने के आरोप में दो लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है। बोर्ड ने बताया कि उत्कर्ष सिंह और राहुल यादव के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला है और कहा है कि अब सीएम पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेल भेजेंगे।
शनिवार को दो पालियों में मैट्रिक के अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। पहली पाली की परीक्षा सही ढंग से निपट गई लेकिन दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने से पहले ही उस विषय का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दावा किया गया कि प्रश्नपत्र लीक हो गया है। हालांकि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इस दावे को खारिज कर दिया। बोर्ड ने कहा कि पेपर लीक होने की बात पूर्णतः गलत और भ्रामक है।
बोर्ड ने रविवार को बताया कि अंग्रेजी विषय का पेपर लीक होने की बात सोशल मीडिया पर फैलाने वाले उत्कर्ष सिंह और राहुल यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन दोनों पर आरोप है कि इन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से 2020 का प्रश्न पत्र वायरल कर यह अफवाह फैलाया कि इस साल की परीक्षा का पेपर लीक हो गया है।

पाठको की राय