Tuesday, October 20th, 2026

पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का अनोखा विरोध, शादी समारोह में सपा नेता ने भेंट किया 2 लीटर पेट्रोल

 मेरठ                                   
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम को लेकर विरोध प्रदर्शित करने के अलग-अलग तरीके सामने आ रहे हैं। मेरठ के अलीपुर मोरना गांव में सपा नेता ने अनूठे अंदाज में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध जताया। यहां आयोजित एक शादी समारोह में कन्यादान के समय सपा नेता ने दो लीटर पेट्रोल भेंट किया। इस दौरान लिए गए फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। सपा नेताओं का कहना है कि सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों को काबू नहीं कर पा रही है, जिससे जनता पर बोझ बढ़ता जा रहा है। 

हस्तिनापुर क्षेत्र के अलीपुर मोरना गांव में बाबूराम की बेटी सुनीता की 21 फरवरी को शादी थी। आसपास के गांवों से भी परिचितों को शादी में न्योता दिया गया था। सपा नेता किशोर वाल्मीकि भी शादी में पहुंचे। माहौल उस समय बदल गया जब किशोर वाल्मीकि ने कन्यादान में दो लीटर पेट्रोल की बोतल दुल्हन के परिजनों को भेंट दी। यह देखकर सभी लोग ठहाका लगाकर हंस पड़े और इसके वीडियो और फोटो लेनी शुरू कर दी।

किशोर वाल्मीकि ने कहा कि पेट्रोल की कीमत 100 रुपये तक हो रही है। रसोई गैस सिलेंडर 800 रुपये पहुंचने वाला है। मध्यम वर्ग की करम टूट गई है और मजदूर-गरीबों का तो हाल बेहाल है। बेतहाशा मूल्य वृद्धि और इतना टैक्स लगाना सरकार की नीयत पर सवालिया निशान है।

प्रशासन बोला जांच करेंगे
इन फोटो को लेकर पुलिस-प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। सवाल किया गया है कि आखिर बोलत में पेट्रोल कहां से लिया गया। एसडीएम मवाना सौम्या गुरूरानी ने कहा कि जब लोगों को बोतल में तेल नहीं दिया जाता तो सपा नेता ने कहां से और कब तेल लिया, इसकी जांच कराई जाएगी। 

 

#पेट्रोल की बढ़ती कीमतों

Source : Agency

पाठको की राय