पूजा पंडालोें में मां के दर्शन के साथ ले सकेंगे कोरोना टीके की डोज, स्वास्थ्य विभाग ने की तैयारी
पटना
पटना के पूजा पंडालों में लोग दर्शन के साथ कोरोना का टीका ले सकते हैं, साथ ही कोरोना की जांच भी करा सकते हैं। इसके लिए पटना के 15 पूजा पंडाल चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 10 पंडालों में सिर्फ कोरोना की जांच होगी जबकि पांच बड़े और महत्वपूर्ण पंडालों में कोरोना जांच के साथ टीकाकरण भी होगा। जिला प्रशासन के निर्देश पर सिविल सर्जन कार्यालय ने इसकी तैयारी कर ली है। कोरोना जांच व टीकाकरण मंगलवार से सुबह नौ बजे से रात के नौ बजे तक होगा। डाकबंगला चौक, खाजपुरा व अन्य तीन बड़े पंडालों में जांच और टीकाकरण दोनों की व्यवस्था होगी।
सिविल सर्जन डॉ. विभा सिंह ने बताया कि इसके लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैयार कर ली गई है। इनकी तैनाती पंडालों में मंगलवार से होगी। उन्होंने बताया कि इसमें ऐसे लोग टीका ले सकते हैं, जिन्होंने टीका नहीं लिया है अथवा अबतक सिर्फ एक डोज लिया है। स्थानीय के साथ ही बाहर से पंडाल में आनेवाले लोग अपनी कोरोना जांच भी करा सकेंगे।

पाठको की राय