Thursday, October 22nd, 2026

पुलिस हिरासत से भागा शिलापट पर रंग लगाने का आरोपी सपा नेता श्याम सिंह भाटी 

 लखनऊ-नोएडा 
सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर लगे शिलापट पर रंग लगाने के मामले में वांछित सपा नेता और संगठन में जिला उपाध्यक्ष श्याम सिंह भाटी गुरुवार शाम को काकोरी पुलिस की हिरासत से भाग निकला। उसके चार साथियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। 

श्याम सिंह के मोबाइल फोन से लोकेशन मिलते ही नोएडा पुलिस ने लखनऊ पुलिस को सूचना दे दी थी। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा के पास काकोरी पुलिस ने इनकी गाड़ी को रोक लिया। पुलिस इन्हें काकोरी थाने ले जाने लगी, इसी बीच रास्ते में गाड़ी के धीमे होते ही श्याम सिंह भाग निकला। पुलिस वाले तब तक उसे श्याम सिंह के रूप में नहीं पहचानते थे।

बताया जाता है कि वह सपा के बड़े नेताओं से मिलने लखनऊ आ रहा था। इसी बीच नोएडा पुलिस को उसकी लोकेशन पता लग गई थी। नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह और ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार ने लखनऊ पुलिस को इस बारे में जानकारी दे दी थी। 

वहां से सूचना मिलते ही गुरुवार शाम को आगरा एक्सप्रेस वे पर काकोरी पुलिस सतर्क हो गई। टोल प्लाजा से निकली एक गाड़ी को पारा सीमा से कुछ पहले ही काकोरी पुलिस ने रोक लिया। इस गाड़ी में मौजूद पांच लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। नोएडा पुलिस भी तब तक वहां से लखनऊ के लिये निकल चुकी थी। 

 

Source : Agency

पाठको की राय