पिच विवाद पर भारत के समर्थन में आए इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोफ्री बॉयकॉट
नई दिल्ली |
भारत और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच मात्र दो दिन में ही समाप्त हो गया। टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर अपनी बादशाहत जारी रखते हुए इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली। सीरीज का आखिरी मैच भी इसी मैदान पर होना है। भारत के खिलाफ टीम के बुरी तरह हारने पर इंग्लैंड के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने मोटेरा की पिच पर दोष मढ़ा, लेकिन उन्हीं के देश के महान क्रिकेटर सर जोफ्री बॉयकॉट ने इस मामले में भारत को समर्थन दिया है।
उन्होंने एक फैन के सवाल के जवाब में कहा कि क्रिकेट की किताब में या इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने इस तरह का कोई नियम ही नहीं बनाया कि जिसमें लिखा हो पिच कर तरह की होनी चाहिए। फैन ने इस दौरान उनसे पूछा था कि मोटरा की पिच को लेकर आप क्या कहेंगे। गौरतलब है कि टीम इंडिया के सीरीज में बढ़त हासिल करने के बाद इंग्लैंड ने कई पूर्व क्रिकेटरों ने स्पिन की मददगार मोटेरा पिच की जमकर आलोचना की। इन क्रिकेटरों में केविन पीटरसन, माइकल वॉन और एलिस्टर कुक जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का नाम शामिल है।
मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीता और भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। इंग्लैंड टीम पहली पारी में 112 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद टीम इंडिया पहली पारी में 145 रनों पर सिमट गई। 33 रनों की बढ़त के साथ टीम इंडिया ने इंग्लैंड को दूसरी पारी में 81 रनों पर ऑलआउट कर दिया। 49 रनों का टारगेट इस तरह से टीम इंडिया को मिला, जिसे रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने बड़ी ही आसानी से हासिल कर लिया। यह 22वां मौका था, जब किसी टीम ने टेस्ट क्रिकेट में दस विकेट से जीत हासिल की थी।

पाठको की राय