Thursday, October 22nd, 2026

पाकिस्तान के कोच मिसबाह उल हक बोले, ऐसा होने से टीम की वर्ल्ड कप के लिए अच्छी तैयारियां होंगी

 कराची 
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच मिसबाह उल हक ने कहा है कि इंग्लैंड और वेस्टइंडीज जैसी टॉप टी-20 टीमों के खिलाफ खेलने से टीम को टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी करने में मदद मिलेगी। दरअसल पाकिस्तान को जुलाई और अगस्त में इंग्लैंड और वेस्ट इंडीज के खिलाफ क्रमश: तीन और पांच टी-20 मुकाबले खेलने हैं। मिसबाह ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पाकिस्तान के मध्य क्रम से जुड़े मुद्दों पर बात की। उन्होंने खासकर कुछ बल्लेबाजों के अपने फॉर्म के लिए संघर्ष करने के बारे में चर्चा की।

उन्होंने कहा, 'इसमें कोई शक नहीं है कि इंग्लैंड और वेस्टइंडीज टॉप टीमें हैं। मेरा अनुभव कहता है कि अगर आप अच्छी टीमों के खिलाफ खेलते हैं तो आपकी तैयारी बेहतर होगी। आप खुद को सही तरीके से आंक सकते हैं कि आप कहां खड़े हैं। मैं इसे सकारात्मक रूप से ले रहा हूं और एक कोच और एक टीम के रूप में यह एक अच्छा मौका है कि विश्व कप से पहले हमारी तैयारी बहुत अच्छी होगी।' उन्होंने कहा, 'यहां तक कि अगर मुश्किलें भी आईं तो हमें अपनी असली क्षमता का पता चलेगा कि हम कहां खड़े हैं। जहां तक फॉर्म की बात है, बेशक इसको लेकर चिंता है, लेकिन कुछ चीजों पर काम करने के लिए हमारे पास समय है। हमारी टीम में मध्य क्रम के मुद्दे हैं और हमें इसे देखना होगा। हम यह देखने की कोशिश करेंगे कि हम समस्याओं को कैसे दूर कर सकते हैं।'

 

#मिसबाह उल हक

Source : Agency

पाठको की राय