Wednesday, October 21st, 2026

पहले कार में बिठाया, फिर मारपीट कर कैश और ATM छीन हुए फरार

पटना 
यदि आपको कोई लिफ्ट देकर कार या ऑटो में बैठाने या घर छोड़ने की बात कहे तो सावधान हो जाइए। हो सकता है कि यह झांसा देना वाला शातिर हो। राजधानी पटना की सड़कों पर ऑटो लिफ्टर गैंग लिफ्ट देने के बहाने छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रहा है।

ताजा मामला जक्कनपुर थाना क्षेत्र का है। जहां करबिगहिया रेलवे स्टेशन के पास कार सवार बदमाशों ने पहले मोहनिया के शख्स विद्याशंकर शर्मा को लिफ्ट देकर बैठा लिया। आगे जाने पर उनसे जबरन 5 हजार रुपये छीन लिये। बाद में मारपीट कर उनका एटीएम कार्ड ले लिया और जबरन पिन कोड पूछकर उन्हें कार से धक्का देकर उतार दिया। फरार होने के बाद बदमाशों ने उनके खाते से 48 हजार रुपये निकाल लिये। इस मामले में पीड़ित ने जक्कनपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पीड़ित के मुताबिक विद्याशंकर का बेटा बेतिया में रहता है। उससे मिलकर वह पटना आये। मीठापुर बस स्टैंड से वह करबिगहिया रेलवे स्टेशन पहुंचे, लेकिन भभुआ जाने वाली ट्रेन जा चुकी थी। 

 बस पकड़ने के लिए वह स्टेशन से बाहर आये। इसी बीच एक कार पर शातिर आये और पूछा कहां जाना है। उन्होंने कहा कि मोहनिया जाना है। उसपर कार चालक ने कहा कि चलिए मोहनिया चल रहे हैं, छोड़ देंगे। उसके झांसे में आकर वह कार में बैठ गये। पूछने पर कार में सवार आदमी ने कहा कि हां मुझे भी मोहनिया चलना है। न्यू बाइपास पर जाने के बाद कार चालक ने कहा कि जो भी सामान है दे दो। यह सरकारी गाड़ी है। सामान की स्र्कैंनग करानी होगी। पीड़ित ने बताया कि इसके बाद कार चालक ने 5 हजार रुपये छीन लिये। मारपीट कर एटीएम कार्ड भी ले लिया। फिर बाद में आगे जाकर कार से उतार दिया। थाड़ी देर में ही मेरे मोबाइल में रकम निकलने का मैसेज आया। जक्कनपुर थाना प्रभारी मुकेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर कार सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है। बता दें कि जक्कनपुर क्षेत्र में इससे पहले भी लिफ्ट देने के बहाने कई लोगों से लूटपाट हो चुकी है।

 

Source : Agency

पाठको की राय