पहली अक्तूबर से और तेज होगी महंगाई की मार, ट्रांसपोर्टरों ने किया 30% मालभाड़ा बढ़ोत्तरी का ऐलान
लखनऊ
लखनऊ गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक में पहली अक्तूबर से ट्रकों का मालभाड़ा तीस फीसदी बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। डीजल की बढ़ी कीमत, टोल टैक्स समेत दूसरे खर्चों में वृद्धि के चलते तीन साल में दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी लखनऊ से करीब 350 किमी. दायरे के शहरों तक माल ढुलाई करीब तीन हजार रुपये महंगी हो जाएगी।
यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मंडल प्रभारी पंकज शुक्ला ने बताया कि डीजल समेत अन्य खर्चों में कमी नहीं आने के चलते 30 प्रतिशत माल भाड़ा बढ़ाए जाने का फैसला लिया गया है। सरकार से राहत के लिए काफी इंतजार करने के बाद मजबूरी में भाड़ा बढ़ाया जा रहा है, अन्यथा ट्रांसपोर्ट कारोबार बंद करना पड़ेगा। इस संबंध में जल्द परिवहन आयुक्त को नोटिस भेजकर अवगत कराया जाएगा।
शहर पहले अब
बरेली 11000 14000
गोरखपुर 10000 13,500
आजमगढ़ 10,500 13000
जौनपुर 8,500 12000
प्रयागराज 9000 12,500
(भाड़ा लखनऊ से रुपये में)
ट्रांसपोर्टरों की ओर से किराया बढ़ाने के संबंध में जो भी प्रस्ताव आएगा, उसे स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी को भेज दिया जाएगा। एसटीए ही किराया तय करती है। हालांकि डीजल के लगातार दाम बढ़ रहे हैं, ऐसे में तत्काल में किराया बढ़ाना ट्रांसपोर्टरों की मजूबरी है।

पाठको की राय