Sunday, October 25th, 2026

पटना जिले की सीमा सील, सुबह टहलने पर भी रोक, बिना पास के नहीं निकलेंगे लोग

पटना 
पटना में लॉकडाउन का पालन सख्ती से किया जाएगा। जिले की सीमा सील कर दी गई है। वहीं, शहर के अंदर विभिन्न जगहों पर बांस-बल्ला से बैरिकेडिंग का काम रात 12 बजे के बाद शुरू कर दिया गया। किसी भी पार्क में या सड़क पर सुबह में मॉर्निंग वॉक पर रोक रहेगी। 

बेवजह पैदल घूमने वालों और निजी वाहन से निकलने पर कार्रवाई होगी। इसके लिए सभी मजिस्ट्रेटों और पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि सरकार के आदेश को हर स्तर पर सख्ती से लागू कराएं ताकि कोरोना महामारी की दूसरी लहर को रोका जा सके। बिहार सरकार द्वारा आदेश जारी होने के बाद जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी ने हिन्दी भवन में मंगलवार को शाम छह बजे प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। 

जिलाधिकारी ने बताया कि कोरोना वायरस से पटना जिला बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। पिछले कुछ दिनों से कोरोना से संक्रमित मामलों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। कोरोना से संक्रमित मामलों को नियंत्रित करने एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। सरकार के आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसके लिए पूरे पटना जिले में धारा 144 के तहत सारी शक्तियों का प्रयोग किया जाएगा। 

 

Source : Agency

पाठको की राय