Wednesday, October 21st, 2026

पटना से जोगबनी जा रही बस पलटी, एक की मौत, एक दर्जन यात्री घायल

वैशाली  
राजधानी पटना से शुक्रवार की देर रात करीब 10:30  बजे जोगबनी के लिए खुली बस हाजीपुर में एनएच-22 पर पुलिस लाइन के पास पलट गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे सदर थानाध्यक्ष ने घायलों को सदर अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि पटना से जोगबनी के लिए खुली एसी स्लीपर बस हाजीपुर एनएच-22 पर पुलिस लाइन के सामने पहुंची ही थी कि हादसा हो गया। घने कोहरे के बीच करीब 11 :40 में बस का एक पहिया डिवाइडर पर चढ़ गया और बस पलट गई। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। 

सूचना पर सदर थानाध्यक्ष रोहन कुमार मौके पर पहुंचे और करीब एक दर्जन घायल लोगों को हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा। जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई थी। सदर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय अररिया निवासी दशरथ साह की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।

 

#पटना से जोगबनी

Source : Agency

पाठको की राय