निवेश मित्र पोर्टल से जुड़े 10 नए विभाग, बढ़ी 166 ऑनलाइन सेवाएं
लखनऊ
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के विकास के लिए 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। पिछले वर्षों की तुलना में ईज ऑफ डूईंग बिजनेस में 12 स्थानों की लंबी छलांग लगाने के बाद सरकार ने इस प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए सिंगल विंडो पोर्टल निवेश मित्र पर विभागों की संख्या बढ़ाकर 24 कर दी है, जो 166 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध करा रही हैं। अभी तक 14 विभाग पोर्टल से जुड़े हुए थे। साथ ही मुख्य सचिव की ओर से निर्देश जारी किए गए है कि पोर्टल पर आए फीडबैक की हर महीने अपर मुख्य सचिव व सचिव स्तर पर समीक्षा की जाए।
उत्तर प्रदेश को उद्यमियों की पहली पसंद बनाने के लिए प्रदेश की योगी सरकार हर कदम पर कामयाब नजर आ रही है। सरकार की ओर से उद्यमियों को दी जा रही सहूलियतों की बदौलत सैमसंग समेत कई बड़ी कंपनियां प्रदेश में अपने कदम जमा चुकी है। उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए इनवेस्ट यूपी द्वारा निवेश मित्र पोर्टल को और प्रभावी बनाने का काम शुरू हो गया है। पोर्टल से कृषि, रेशम समेत अन्य विभाग भी जुड़ गए हैं। पोर्टल पर विभागों के लिए एक डैशबोर्ड विकसित किया गया है। इस पर उद्यमी अपने सुझाव व शिकायत दर्ज करा सकते हैं। असल में भारत सरकार की ओर से हर साल ईज ऑफ डूईंग बिजनेस के आधार पर प्रदेशों की रैंकिंग की जाती है। आवेदनकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर इसका मूल्यांकन किया जाता है।

पाठको की राय