निकाय चुनाव की तैयारी बैठकें मंगलवार से
भोपाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालातों को लेकर आज दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात की है। दिल्ली से लौटने के उपरांत शर्मा निकाय चुनाव की तैयारियों के मद्दनेजर जिलों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इस मौके पर वे बूथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। दिल्ली में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत पहले से हैं।
दिल्ली में आज राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों और नए कार्यक्रमों को लेकर चर्चा कर रहे हैं। इस दौरान प्रदेश के नए विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नाम को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की गई और केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी मिलने के बाद गिरीश गौतम को विधानसभा अध्यक्ष बनाने के संकेत आज ही दिल्ली से दिए गए। शर्मा निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक कामकाज, पदाधिकारियों के बीच काम बांटने, विधानसभा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव के बाद निगम मंडल और अन्य नियुक्तियों को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे और शाम तक भोपाल वापस लौटेंगे। इसके बाद उनके प्रदेश में निकाय चुनाव के दौरे शुरू होंगे।
नगर निगम, नगर पालिका और नगरपरिषद की चुनावी तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा रीवा, सतना और कटनी में प्रमुख वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
इसके बाद मंडल अध्यक्षों की बैठक लेंगे। साथ ही बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में जिले के सभी बूथ अध्यक्षों को संबोधित करेंगे। वे प्रवास के दौरान विद्वतजन सम्मलेन और सोशल मीडिया वारियर्स मीट में भी शामिल होंगे। गौरतलब है कि भाजपा ने सभी 16 नगर निगमों के लिए प्रबंधक और सहप्रबंधकों की नियुक्ति कर दी है जो उनकी बैठकों की तैयारियों और अन्य जिम्मेदारियों को निभाने का काम करेंगे।

पाठको की राय