Wednesday, October 21st, 2026

नाबालिग दोस्त को नशेड़ी किशोरों ने ईंट से कूचकर मार डाला, सलूशन डालकर जला दी लाश

मेरठ
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में मामूली झगड़े में दो नाबालिग लड़कों ने अपने हमउम्र दोस्त की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। आरोपी नाबालिगों की उम्र 14 साल और 16 साल बताई जा रही है। हत्या करने के बाद आरोपियों ने मृतक की पहचान छिपाने के लिए उसका शव सलूशन डालकर जला दिया। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों का पता लगाते हुए पुलिस ने चार घंटे के अंदर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया। दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है। दरअसल, शनिवार की सुबह क्षेत्रीय व्यापारियों ने खैरनगर चौराहे के पास स्थित एक खाली प्लॉट में लगभग 16 साल के किशोर की अधजली लाश पड़ी देखी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन कामयाबी न मिलने पर लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से खून से सनी एक ईंट भी बरामद हुई।

सीसीटीवी कैमरे से सुलझी गुत्थी
लाश के के बरामद होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसके बाद मात्र चार घंटे में पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त लिसाड़ी गेट क्षेत्र के आम का बाग गली नंबर पांच निवासी 16 वर्षीय अशरफ के रूप में हुई। मृतक के परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि अशरफ नशे का आदी था।

आधी रात को किया गया कत्ल
एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में मिले वीडियो के आधार पर शिनाख्त करते हुए पुलिस ने मृतक अशरफ के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अशरफ के दोस्तों ने बताया कि वह सभी सलूशन का नशा करते थे। शुक्रवार की शाम भी नशे की झोंक में उनकी अशरफ से मामूली कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उन्होंने रात को एक बजे अशरफ को नशा करने के लिए अपने पास बुलाया था। प्लानिंग के तहत दोनों आरोपी अशरफ को अपने साथ खाली प्लॉट में ले गए, जहां दोनों आरोपियों ने पत्थर से सिर कुचलकर अशरफ की हत्या कर डाली। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव के ऊपर सलूशन डालकर उसे जला डाला। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में 14 वर्षीय किशोर जैदी फार्म का निवासी है, जबकि 16 वर्षीय दूसरा आरोपी शास्त्रीनगर ब्लॉक का रहने वाला है। मृतक के परिजन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों आरोपियों को किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

 

#नाबालिग

Source : Agency

पाठको की राय