नशे में धुत सिपाही की करतूत: बस स्टैंड पर तमंचे से की कई राउंड फायरिंग, लोगों में मची भगदड़
बिनौली
शराब के नशे में धुत सादी वर्दी में एक सिपाही ने तमंचे से बागपत जिले के बरनावा बस स्टैंड पर कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे वहां भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बिनौली पुलिस ने सिपाही को हिरासत मे लिया। बताया जाता है कि सिपाही दाहा गांव का रहने वाला है और एक भाजपा सांसद का गनर है।
शुक्रवार शाम को बरनावा बस स्टैंड पर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर सादी वर्दी में कंधे पर सरकारी कारबाइन लिए नशे में धुत सिपाही ने अचानक अवैध तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उसने दो फायरिंग हवाई और दो सड़क के बीच में की, फायरिंग होते ही बस स्टैंड पर भगदड़ मच गई। उसी समय दाहा रोड से गश्त कर बाइक से लौट रहे बरनावा चौकी के दो पुलिसकर्मियों ने सिपाही को दबोच लिया।
पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसके बैग में 12 बोर का एक और तमंचा, 8 कारतूस के अलावा 303 बोर के 5 कारतूस मिले। आरोपी सिपाही ने अपना नाम रवि राणा पुत्र ओम कुंवर राणा निवासी दाहा और खुद को एक भाजपा सांसद का गनर बताया है।

पाठको की राय