Saturday, October 24th, 2026

नवनिर्मित शौचालय की टंकी में घुसे तीन मजदूरों की मौत

 
समस्तीपुर

बिहार के समस्तीपुर जिले के हसनपुर गांव में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां नवनिर्मित शौचालय की टंकी में घुसने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। तीनों मजदूर उसी गांव के ही रहने वाले थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मोहिउद्दीननगर प्रखंड के कुरसाहा पंचायत स्थित हसनपुर गांव में तीनों मजदूरों में से एक ने नवनिर्मित शौचालय की टंकी में घुसकर सेंटरिंग प्लेट खोलना चाहा। टंकी के अंदर उसे चक्कर आने लगा।
 
उसे टंकी से निकालने के लिए दो और मजदूर शौचालय की टंकी में घुसे लेकिन उनकी भी हालत बिगड़ने लगी तो किसी तरह ग्रामीणों ने तीनों मजदूरों को बेहोशी की हालत में शौचालय की टंकी से निकाला। गांव के सरपंच और अन्य लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग को दी लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया तो किसी ने वहां पहुंचना आवश्यक नहीं समझा।
 
आनन-फानन में तीनों मजदूरों को बेहोशी की हालत में पीएचसी, मोहिउद्दीननगर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों मजदूर युवकों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
 
मृतकों की पहचान धर्मपुर गांव निवासी नारायण पासवान के 35 वर्षीय पुत्र सुबोध पासवान, हसनपुर गांव निवासी नंदु दास के 21 वर्षीय पुत्र सोनु कुमार, सोहनीपुर गांव निवासी सुखदेव राय के 40 वर्षीय पुत्र जेलेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि टंकी में गैस भरे होने के कारण घुसते ही तीनों का दम घुट गया। सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग घटनास्थल पहुंच गए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई।

 

#नवनिर्मित शौचालय

Source : Agency

पाठको की राय