Wednesday, October 21st, 2026

नरेंद्र मोदी के नाम पर स्टेडियम बनाने पर भाजपा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने कसा तंज 

 नई दिल्ली  
 सरदार पटेल मोटेरा स्टेडियम को सिर्फ मोटेरा स्टेडियम कहे जाने पर उन्होंने कहा कि ऐसा बोलना झूठ है। अहमदाबाद में पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बनाए जाने पर भाजपा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने तंज कसा है।सुब्रमण्यन स्वामी ने ट्वीट किया, 'जब कोई यह कहता है कि मोदी स्टेडियम का पुराना नाम मोटेरा स्टेडियम था तो वह झूठ बोलता है। क्या सरदार पटेल स्टेडियम नाम नहीं था?' बता दें कि अहमदाबाद के सरदार पटेल मोटेरा स्टेडियम का पुनर्निर्माण हुआ है और 1.32 लाख लोगों के बैठने की क्षमता वाला स्टेडियम तैयार किया गया है। नवनिर्माण के बाद इसका नाम नरेंद्र मोदी स्टेडियम कर दिया गया है। 

नए नामकरण के बाद से ही सरकार आलोचना झेल रही है, लेकिन गुजरात सरकार ने इस पर अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि सरदार पटेल के नाम स्पोर्ट्स एन्क्लेव बन रहा है। इस एन्क्लेव के अंतर्गत ही स्टेडियम होगा, जो उसका एक हिस्सा है। स्पोर्ट्स एन्क्लेव में फुटबॉल, हॉकी समेत तमाम खेलों के लिए व्यवस्था की जाएगी। सरकार का यह बयान विपक्ष के उन आरोपों के बाद आया था, जिनमें कहा गया था कि सरकार ने सरदार पटेल की जगह पर मोदी के नाम से स्टेडियम बनाया है और यह देश के पहले गृहमंत्री का अपमान है। अब भाजपा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने भी इशारों में तंज कसा है।

 

#सांसद सुब्रमण्यन स्वामी

Source : Agency

पाठको की राय