Monday, October 19th, 2026

देश में एक दिन के भीतर मिले Coronavirus के 20036 नए केस, 256 मरीजों की हुई मौत

नई दिल्ली।
अब देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1,02,86,710 हो गई है, जिसमें 98,83,461 रिकवरी, 2,54,254 सक्रिय मामले और 1,48,994 मौत शामिल हैं। भारत में एक दिन के भीतर कोरोना वायरस (Covid-19) के 20,036 नए मामले, 23,181 रिकवरी और 256 मौत दर्ज की गई हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में इस वक्त कोरोना वायरस के टीकाकरण को लेकर भी तैयारी की जा रही है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 2 जनवरी को ड्राई रन आयोजित करने को कहा गया है। चार अन्य राज्यों में पहले ही ड्राई रन हो चुका है। वैक्सीन को लेकर सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। 

नेशनल ड्रग्स रेगुलेटर की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमिटी (एसईसी) शुक्रवार को सीरम इंस्टीट्यूट की एप्लीकेशन को लेकर फैसला लेगी, कि इसकी वैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी देनी है या नहीं। इसके साथ ही भारत बायोटेक की वैक्सीन को लेकर भी फैसला लिया जाएगा। ब्रिटेन में ऑक्सफोर्ड एक्सट्राजेनेका की वैक्सीन को बुधवार को मंजूरी मिलने के बाद एसईसी ने बुधवार को दूसरी बार कंपनी की एप्लीकेशन पर बैठक की थी। 

सीरम इंस्टीट्यूट को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित वैक्सीन के निर्माण और उसके वितरण का लाइसेंस मिला है। 24 दिसंबर को इस कंपनी ने सेंट्रल ड्रग्स स्टैंगडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन के एसईसी को अपने क्लिनिकल ट्रायल का डाटा सौंपा था। क्योंकि एसईसी ने 9 दिसंबर को हुई अपनी समीक्षा बैठक में डाटा देने को कहा था। इस वक्त दुनिया के कई देश ऐसे हैं, जहां लोगों को वैक्सीन लगना शुरू हो गई है। अमेरिका के अलावा ब्रिटेन में टीकाकरण चल रहा है। यहां पहले फिजर की वैक्सीन लोगों को दी जा रही थी लेकिन बाद में ऑक्सफोर्ड एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन को भी मंजूरी मिल गई। इसके अलावा रूस, बेलारूस, कनाडा जैसे देशों में भी टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है।

 

#Coronavirus

Source : Agency

पाठको की राय