दिल्ली में उपद्रव कर यूपी लौटने वाले किसानों पर पलिस की कड़ी नजर
लखनऊ
दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर उग्र किसान आंदोलन को लेकर किसान संगठनों की बहुत फजीहत हुई। इधर पुलिस ने भी मामले दर्ज करके ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। कई किसान धरना प्रदर्शन से वापस लौट रहे हैं। उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन से लौट रहे किसानों पर योगी सरकार की पैनी नजर है। दिल्ली में तोड़फोड़ और बवाल करने वाले किसानों की पहचान की जा रही है।
आईजी मेरठ प्रवीण कुमार ने बताया कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर जो तांडव हुआ, उसे देखते हुए जिले में अलर्ट है। हम लोग ऐसे लोगों की पहचान कर रहे हैं जो किसान आंदोलन में शामिल हुए थे और वहां उपद्रव किया था।
दिल्ली पुलिस की करेंगे मदद
यूपी के एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि यूपी पुलिस ने दिल्ली पुलिस से कहा है कि हम उनकी हर तरह से मदद करेंगे। 26 जनवरी को दिल्ली में आंदोलन के नाम पर हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करके उन्हें पकड़कर दिल्ली पुलिस के हवाले किया जाएगा।
नैशनल हाइवे से हटाए गए किसानों के कैंप
उधर बागपत पुलिस ने बड़ौत के नैशनल हाइवे पर लगे किसानों के कैंपों को हटा दिया है। किसानों और कैंपों के हटने के बाद यहां पर ट्रैफिक साफ हो गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसानों के हाइवे पर बैठने से एनएचएआई का प्रॉजेक्ट भी प्रभावित हो रहा था।

पाठको की राय