दिल्ली पुलिस ने शर्तों के साथ दी इजाजत, 26 जनवरी को तीन जगहों से शुरू होगी किसान ट्रैक्टर रैली
नई दिल्ली
तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ करीब दो महीने से आंदोलन कर रहे किसान 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर रैली निकालने वाले हैं। दिल्ली पुलिस ने इसके लिए शर्तों के साथ इजाजत दे दी है। रविवार को दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक ने कहा कि किसान रैली दिल्ली के तीन मुहाने से शुरू होगी। सिंघु बॉर्डर से सिंघु बॉर्डर से 62 किलो मीटर का रूट, टिकरी बॉर्डर से 63 किलो मीटर का रूट और गाजीपुर बॉर्डर से 46 किलो मीटर का रूट है। इस दौरान दिल्ली के अंदर कुछ दूर तक जाने की इजाजत होगी। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता सुरक्षा देना है और शांतिपूर्ण तरीके से ट्रैक्टर रैली को संपन्न करवाना है। दीपेंद्र पाठक ने यह भी कहा कि पाकिस्तान से कुल 308 ट्विटर हैंडल किसान ट्रैक्टर रैली को प्रभावित करने के लिए काम कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी ने कहा कि किसान ट्रैक्टर रैली को लेकर किसान नेताओं और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों संग बैठक हुई। हमने संयुक्त किसान मोर्चा के साथ लंबी और कई दौर की बातचीत की। हमने अनुरोध किया कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव का विषय है, इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा और अन्य किसान प्रतिनिधियों के साथ अच्छी बातचीत हुई।
दीपेंद्र पाठक ने कहा कि किसानों की इच्छा थी कि गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकालें। हमने इसका ध्यान रखते हुए दिल्ली के तीन मुहाने सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर से रैली निकालने की इजाजत दे दी है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर रैली को भी सुरक्षा देना हमारी प्राथमिकता है। शांति व्यवस्था के साथ ही सभी को सुरक्षित रखने पर बात हुई।

पाठको की राय