दिन में 6 डिग्री लुढ़कने के बाद रात में भी गिरा पारा
ग्वालियर
मौसम में कल से अचानक आए परिवर्तन के बाद अब कोहरे की चादर तो हल्की हो गई लेकिन शीतलहर का असर अब भी बरकरार है। बदले मौसम से रविवार को दिन का तापमान 6 डिग्री से ज्यादा लुढ़कने के बाद आज रात के पारे में गिरावट दर्ज हुई। वहीं आज सुबह से भी गलन वाली ठंड से लोगों को हिला रखा है।
गौरतलब है कि शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात से अंचल में सीजन का दूसरा सबसे घना कोहरा छा गया। हाल ये था कि दोपहर तक समूचे शहर से लेकर जिले के अधिकांश क्षेत्रों में दृश्यता महज 30 से 50 मीटर के बीच सिमटकर रह गई। ऐसे में जहां लोग आज सुबह देर से घरों के बाहर निकल सके, वहीं हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। पूरे दिन ऐसा ही मौसम बना रहने से धूप के दर्शन नहीं हो सके और अधिकतम तापमान बीते 24 घंटों में 7.1 डिग्री लुढ़ककर सामान्य की तुलना में 6.1 डिग्री पीछे चला गया। इसी क्रम में रविवार को न्यूनतम पारा 1.1 डिग्री गिरावट के साथ 8.5 दर्ज हुआ।
दरअसल अंचल की ओर बने पूर्वी और उत्तर-पर्वी हवाओं के बहाव के साथ बीती दो दिनों से आसमान पर धुंध छाई रही, जो रात से गहराने लगी। इससे पहले बर्फीले पहाड़ों को छूकर अंचल की ओर आती हवाओं के साथ बादलों ने मिलकर अंचल के मौसम को दो दिन पहले से पलटना शुरु कर दिया था। हाल ये हो गया कि तीन दिनों से जिले में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा था, वो सामान्य की तुलना में पीछे हो गया। मौसम में बदलाव के मौजूदा असर के बावजूद सप्ताह के आने वाले दिनों में ग्वालियर और चंबल संभाग का मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा।
बता दें कि ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में शनिवार रात से रुक-रुककर आते हवा के झौंकों के कारण दिन के समय धूप बेअसर होने लगी थी, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरु हो गया। इसका असर सोमवार को भी सुबह से बना रहा। हालांकि आसमान पर बादल छाने और धुंध का असर रहने से रात के समय तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज हुआ है। इसी क्रम में सप्ताह के अंत तक अंचल के अधिकांश हिस्सों के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

पाठको की राय