दानाओली में बदमाशों से मुठभेड़, कुख्यात बदमाशों से हथियार भी बरामद
ग्वालियर
दानाओली में एक मकान में छुपे कुख्यात फरारी बदमाशों से पुलिस की सीधी मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने तीनों बदमाशों को हथियारों के साथ दबोच लिया। इनमें एक पूर्वांचल का कुख्यात बदमाश लालजीत यादव, गोलू शर्मा है और जबकि दो उसके साथी हैं जो दतिया के रहने वाले बताए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झांसी की सीपरी थाना इलाके में एक बड़ी लूट की वारदात में पुलिस को दतिया के बदमाश सद्दाम खां की तलाश थी। सद्दाम दतिया जिले का आदतन अपराधी है। झांसी से आई यूपी पुलिस को इत्तिला थी कि बदमाश ग्वालियर के कोतवाली इलाके के दानाओली में पहुंची। यहां पुलिस सुबह आठ बजे के आसपास लोकल पुलिस के साथ पहुंची तो बदमाश यहां विष्णु वाल्मिकि के घर की पहली मंजिल में छुपे थे।
पुलिस ने उन्हें बाहर निकलने के लिये कहा तो उन्होंने अंदर से दरवाजे बंद कर लिये। इसके बाद खिड़की से हथियार लहराने लगे। बदमाशों के तेवर देख मौके पर मौजूद टीआई शैलेन्द्र भार्गव ने वायरल लैस सेट पर तत्काल पॉइंट दिया। इतने में एसपी अमित सांघी तत्काल पुलिस फोर्स के साथ बैकअप लेकर पहुंचे। यहां उन्होंने माइक की मदद से लाउड स्पीकर पर बदमाशों को चेतावनी दी कि यदि सरेंडर नहीं किया तो पुलिस फायरिंग शुरु कर देगी।
बदमाशों ने कट्टे से फायर ठोका तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले उनके कमरे में फैंक दिये। इसके बाद बदमाशों ने सरेंडर कर दिया। मौके से लालजीत यादव पूर्वांचल, गोलू शर्मा उर्फ सद्दाम खां और यूनूस दतिया को गिरफ्तार कर लिया है। इनका एक साथी पूर्व में पकड़ा गया है। आरोपियों से तीन कट्टे, 35 कारतूस व तलवारें बरामद की हैं। पुलिस आरोपियों से कोतवाली थाने में पूछताछ कर रही है।
इनका कहना
तीन आरोपियों को मौके से पकड़ा है। झांसी पुलिस को इनकी लूट में तलाश थी। आरोपियों से हथियार भी बरामद हुए है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
अमित सांघी, एसपी ग्वालियर

पाठको की राय