दरभंगा मेडिकल कॉलेज में MBBS के छात्रों के साथ हुई रैगिंग
दरभंगा
दरभंगा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों की कथित रैगिंग की शिकायत नेशनल मेडिकल कमीशन को मिली है। सूत्रों के अनुसार शिकायत मिलने पर नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने मामला दर्ज करते हुए दरभंगा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केएन मिश्रा को मामले की तहकीकात व कार्रवाई कर सूचित करने का निर्देश दिया है।
सूत्रों के अनुसार प्रथम वर्ष के कुछ छात्रों ने एनएमसी से शिकायत की थी कि उन लोगों की रैगिंग की जा रही है। उनकी शिकायत पर एनएमसी की ओर से केस ( बीआर-6536जेडीएस1527) दर्ज किया गया है। शिकायत करने वाले छात्रों का नाम गुप्त रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार एनएमसी से सूचना मिलने पर दरभंगा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केएन मिश्रा हरकत में आए। उन्होंने अपने कार्यालय कक्ष में शनिवार को एन्टी रैगिंग कमेटी की आपात बैठक बुलाई। बैठक में एन्टी रैगिंग कमेटी के सदस्य सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. वीएस प्रसाद, टीबी एवं चेस्ट विभाग के अध्यक्ष डॉ. ओपी गिरी, मेडिसिन विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. आरके दास, एनाटॉमी विभाग के अध्यक्ष डॉ. एसके कर्ण व फिजियोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. शीला कुमारी शामिल हुए। इनके अलावा बायोकेमिस्ट्री विभाग के अध्यक्ष डॉ. एसके सिंह, पैथोलॉजी विभाग की सह प्राध्यापक डॉ. पूनम कुमारी, ईस्ट हॉस्टल के वार्डेन डॉ. कार्तिक प्रसाद और एनडीएच के असिस्टेंट वार्डेन डॉ. कुणाल शंकर ने भी बैठक में भाग लिया।

पाठको की राय