Wednesday, October 21st, 2026

डिप्टी सीएम पर भारी पड़े कुलपति, डेढ़ घंटे तक कराया इंतजार

मोतिहारी
बिहार की पहली महिला डिप्टी सीएम रेणु देवी पर उनके ही राज्य में स्थित एक विश्वविद्यालय के कुलपति खासे भारी पड़ गए. पूरा मामला एक कार्यक्रम के दौरान सामने आये प्रोटोकॉल से जुड़ा है. मोतिहारी में हुए इस कार्यक्रम में बीआरए बिहार यूनिवर्सिटी के कुलपति हनुमान प्रसाद पांडेय डिप्टी सीएम रेणु देवी पर भारी पड़ते दिखे. मोतिहारी नगर के प्रतिष्ठित एलएनडी कॉलेज के कार्यक्रम में भाग लेने डिप्टी सीएम रेणु देवी तो पूर्व से निर्धारित समय पर पहुंचीं, लेकिन कार्यकम से बीआरए बिहार यूनिवर्सिटी के कुलपति हनुमान प्रसाद पांडेय नदारद रहे. इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक डिप्टी सीएम रेणु देवी कुलपति का कार्यक्रम मंच पर आने का इंतजार करती रहीं.

डिप्‍टी सीएम के साथ मंच पर ही पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद राधामोहन सिंह भी शामिल रहे. करीब डेढ़ घंटे के बाद कुलपति हनुमान प्रसाद पांडेय कॉलेज पहुंचे तो वो मंच पर आने की बजाय प्राचार्य कक्ष में चले गए. उनके पहुंचने के साथ ही कॉलेज के प्राचार्य सहित सभी कर्मी कुलपति के आवभगत में इस कदर मशगूल हुए कि डिप्टी सीएम के प्रोटोकॉल को ही भूल गए.

कुलपति के आने के बाद भी डिप्टी सीएम मंच पर ही उनके और प्राचार्य के आने का इंतजार करती रहीं. इस दौरान प्राचार्य कक्ष में कुलपति का पूरा कॉलेज परिवार आवभगत करता रहा और प्रोटोकॉल को भूल गया. करीब डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद कुलपति हनुमान प्रसाद पांडेय कार्यक्रम मंच में पहुंचे तब जाकर मंच पर डिप्टी सीएम सहित अतिथियों का स्वागत शुरू हो सका.

कार्यक्रम को कवर करने गए मीडिया कर्मियों को आवभगत में बाधक मानकर प्राचार्य ने खरी खोटी सुना दी. पूरे मामले पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि यह घटना अशोभनीय है. कुलपति और शिक्षकों के कार्यों का छात्र अनुकरण करते हैं. उन्हें समय का पालन करना चाहिए साथ ही प्रोटोकॉल का पालन भी करना चाहिए. डिप्टी सीएम और पूर्व कृषि मंत्री सहित जिले के कई जनप्रतिनिधि कुलपति का इंतजार कर रहे थे. निश्चित तौर पर उनको समय का पालन करना चाहिए था.

 

Source : Agency

पाठको की राय