ट्रैक्टर रैली: कृषि कानून से लोग हो जाएंगे बेरोजगार: राहुल गांधी
जयपुर
राहुल गांधी ने राजस्थान दौरे के दूसरे दिन शनिवार को सुरसुरा में लोकदेवता तेजाजी महाराज मंदिर में दर्शन किए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी राजस्थान दौरे के दूसरे दिन शनिवार दोपहर अजमेर के किशनगढ़ पहुंचे। राहुल गांधी किसानों की सभा में ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, कृषि सबसे बड़ा व्यवसाय है। यह 40 करोड़ लोगों का व्यवसाय है। नरेंद्र मोदी जी चाहते हैं यह उनके दो मित्रों के हवाले हो जाए। अगर नरेंद्र मोदी के ये कानून लागू हो गए तो सिर्फ किसान को ही नुकसान नहीं होगा बल्कि सभी को होगा। राहुल गांधी ने कहा कि, जब ये कानून लागू होंगे तब हिन्दुस्तान के किसी भी युवा का रोजगार नहीं मिलेगा।
नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मैं विकल्प दे रहा हूं, हां विकल्प दे रहे हैं और वो तीन विकल्प हैं भूख, बेरोजगारी और आत्महत्या। उन्होंने आगे कहा कि, नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मैं किसानों से बात करना चाहता हूं, किस चीज के बारे में बात करना चाहते हैं। जब तक आप ये कानून वापस नहीं लेंगे तब तक हिन्दुस्तान का एक किसान आप से बात नहीं करेगा।राहुल गांधी ने कहा कि, कृषि दुनिया का सबसे बड़ा व्यवसाय है, लेकिन पीएम मोदी अपने उद्योगपति दोस्तों को इसे दे देना चाहते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अगर पीएम मोदी के ये कानून लागू हो गए तो रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यापारी सभी लोग बेरोजगार हो जाएंगे। इससे पहले वे अजमेर पहुंचे।
उन्होंने अजमेर में वीर तेजाजी महाराज मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता सचिन पायलट और अजय माकन भी उनके साथ उपस्थित रहे। राहुल गांधी ने अजमेर में ट्रैक्टर रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने तीनों कृषि कानूनों का मतलब समझाया। उन्होंने बताया कि पहले कानून का मकसद मंडी को खत्म करना है। दूसरा कानून कहता है उद्योगपति जितना चाहें उतना फल-सब्जी, आनाज स्टोर कर सकते हैं। इससे जमाखोरी बढ़ेगी। तीसरे कानून के मुताबिक किसान अपनी उपज के लिए अदालत में नहीं जा पाएगा। हिंदुस्तान का सबसे बड़ा बिजनेस कृषि का है।

पाठको की राय