Wednesday, October 21st, 2026

टीम इंडिया का  इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए ऐलान, सूर्यकुमार और ईशान किशन को मौका

नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया है। नैशनल टीम में धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और झारखंड के युवा कप्तान ईशान किशन को पहली बार शामिल किया गया है। रोचक बात यह है कि किशन ने आज ही विजय हजारे ट्रोफी में मध्यप्रदेश के खिलाफ 94 गेंदों में 173 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। 4 मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद इंग्लैंड को भारत में वनडे और टी-20 सीरीज भी खेलनी है। डोमेस्टिक क्रिकेट और आईपीएल में धमाल मचाने वाले सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन को लंबे समय से टीम में लाने की मांग हो रही थी। आईपीएल-2020 में ये दोनों ही खिलाड़ी छाए रहे थे। दूसरी ओर, चोट के बाद भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी हुई है। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव, संजू सैमसन और चोटिल मनीष पांडे को टीम से बाहर रखा गया है, जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है।

एक ही IPL टीम में खेलते हैं सूर्यकुमार और किशन
ईशान किशन झारखंड के लिए डोमेस्टिक क्रिकट खेलते हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव मुंबई के लिए। रोचक बात यह है कि दोनों ही दुनिया की सबसे बड़ी टी-20 लीग यानी आईपीएल में एक ही टीम मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हैं। दोनों ही हार्ड हिटर बल्लेबाज हैं और पिछले सीजन में मुंबई को खिताबी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

ऐसा रहा था आईपीएल में प्रदर्शन
ईशान किशन ने जहां 14 मैचों में 57.33 के शानदर औसत से 516 रन ठोके थे। उनका स्ट्राइकरेट 145.76 का था, जबकि वह टूर्नमेंट में सबसे अधिक 30 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज थे। उनके नाम 36 चौके भी थे। दूसरी ओर, सूर्यकुमार यादव की बात करें तो उन्होंने 16 मैचों में 40.00 की औसत से 480 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइकरेट 145.02 का था।

ऐसा है शेड्यूल
तीसरा और चौथा टेस्ट दुनिया के सबसे बड़े मोटेरा स्टेडियम में (24 से 28 और चार से आठ मार्च) खेला जाएगा। टी20 सीरीज की शुरुआत 12 मार्च से होगी। 14, 16, 18 और 20 मार्च को बाकी के टी20 मैच खेले जाएंगे। यह सभी मैच मोटेरा में ही होंगे, जिससे एक बात तय है कि यह नया भव्य स्टेडियम दोनों टीमों के लिए बायो बबल का काम करेगा। बता दें कि फिलहाल दोनों टीमों ने टेस्ट सीरीज में एक-एक मैच जीता है।

टीम
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), केएल राहुल, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, टी. नटराजन, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, नवदीप सैनी, शार्दुल ठाकुर

 

#टीम इंडिया

Source : Agency

पाठको की राय