जो रूट का होटल स्टाफ ने किया भव्य स्वागत, भारतीय मेहमानवाजी से खुश ECB बोला-थैंक्यू
नई दिल्ली
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने एशियाई महाद्वीप पर अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए शनिवार को अपने टेस्ट करियर का पांचवां दोहरा शतक जड़ दिया। उनकी इस पारी के दम पर इंग्लैंड भारत के खिलाफ 550 से ज्यादा रन बनाने में सफल रहा, जबकि उसके दो विकेट बाकी हैं। इस 30 साल के बल्लेबाज ने दूसरे दिन के दूसरे सीजन में ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से शानदार छक्के लगाकर अपना दोहरा शतक पूरा किया। उनकी यह पारी इतनी खास थी कि मैच के बाद टीम होटल में भारतीय स्टाफ ने उनके लिए एक शानदार केक का इंतजाम किया। ईसीबी भी भारतीयों के इस भाव से काफी खुश हुआ।
ईसीबी ने इसका वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। इसमें रूट होटल में वापस आ रहे हैं, जहां गेट के पास एक केक रखा गया है। इस दौरान सभी खिलाड़ी और वहां उपस्थित लोग उनके लिए जमकर तालियां बजा रहे हैं। इस पर भारतीय स्टाफ को धन्यवाद देते हुए ईसीबी ने थैक्यू भी कहा है। एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में दोहरा शतक जड़ते ही रूट अपने करियर के 100वें मैच में दोहरा शतक बनाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए।
इसके अलावा उन्होंने 100वें टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले भी पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने बेंगलुरु में अपने 100वें टेस्ट टीम इंडिया के खिलाफ 184 रनों की पारी खेली थी। रूट की 377 गेंद में 218 रन की मैराथन पारी का अंत बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम ने एलबीडब्ल्यू आउट कर किया। रूट के करियर की यह पांचवीं दोहरी शतकीय पारी है। इसके साथ ही उन्होंने हमवतन एलिस्टेयर कुक, दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और भारत के राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों की बराबरी कर ली, जिनके नाम इतने ही दोहरे शतक हैं।

पाठको की राय