जो बाइडेन करेंगे पहली बार G7 की ऑनलाइन मीटिंग को संबोधित
नई दिल्ली
अमेरिका के नये राष्ट्रपति जो बाइडेन पहली बार किसी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर शिरकत करने वाले हैं और वो मंच होगा G7 का। व्हाइट हाउस ने बयान जारी करते हुए कहा है कि इस बार 19 फरवरी को होने वाली G7 की ऑनलाइन बैठक को राष्ट्रपति जो बाइडेन संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि जो बाइडेन के संबोधन की प्रमुख बातों में कोरोना वायरस और वैश्विक अर्थव्यवस्था में आया सिकुड़ाव हो सकता है। इसके साथ ही चीन भी जो बाइडेन के संबोधन में शामिल हो सकता है।
व्हाइट हाउस प्रवक्ता जिन पास्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि G7 के ऑनलाइन संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति कई मुद्दों पर बात कर सकते हैं, जिसमें कोरोना वायरस से निपटने के लिए वैश्विक सहयोग को बढ़ाने पर जोर हो सकता है। इसके साथ ही जो बाइडेन वैश्विक साझेदारी और बहुपक्षीय संबंधों को लेकर भी अपनी राय रख सकते हैं। G7 मीटिंग अमेरिका के लिए कई मायनों में काफी महत्वपूर्ण रहता है और वैश्विक साझेदारी बढ़ाने के साथ साथ आर्थिक संबंधों को लेकर भी G7 की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाते रहे हैं, लिहाजा इस बार भी जो बाइडेन से G7 को कई उम्मीदें होंगी। व्हाइट हाउस के मुताबिक राष्ट्रपति जो बाइडेन कोरोना वैक्सीन के वितरण और प्रोडक्शन को लेकर भी बात कर सकते हैं। इसके साथ ही विभिन्न देशों के बीच आर्थिक और औद्योगिक संबंधों को लेकर भी जो बाइडेन बात कर सकते हैं। अमेरिका की अर्थव्यवस्था इस वक्त काफी खराब स्थिति से गुजर रही है, लिहाजा अमेरिका G7 बैठक को काफी महत्वपूर्ण मान रहा है।

पाठको की राय