Monday, October 19th, 2026

जो कहा सो किया, शहर की बदली तस्वीर जनता देख रही - महापौर

रायपुर
रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर ने अपने कार्यकाल के एक साल पूरा होने पर शहरवासियों को बधाई देते हुए अपने कामकाज की उपलब्धियां गिनायी। हमने जो कहा था सो किया,शहर की बदली तस्वीर जनता स्वंय देख रही है। कोविड 19 के चलते जो दिक्कतें आयी उसे सभी वाकिफ हैं। आगे की कार्ययोजना देखने के बाद लोग स्वंय आकलन कर लेंगे। रायपुर को एक शहर नहीं बल्कि राजधानी मानते हुए काम किया गया है। इसका श्रेय वे किसी व्यक्ति नहीं बल्कि निगम की पूरी टीम को देते हैं,टीम बेहतर खेले तो कप्तान का नाम हो ही जाता है।

महापौर ने कहा कि जीत के बाद हम दिल्ली गए, जहां शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति देखा और फिर रायपुर में 3 स्कूल अंग्रेजी मीडियम के खोले, आज 10 हजार आवेदन आये हैं। हमने स्वास्थ्य की दिशा में भी काम किया। बूढातालाब के विकास में भाजपा सरकार ने 30 करोड़ खर्च किया लेकिन रिजल्ट क्या रहा सभी ने देखा है।  हमने 25 दिन में 1700 ट्रक कचरा निकाल कर तालाब को साफ किया। उसका सौंदर्यीकरण किया जिसकी खुबसूरती जनता देख रही है। हमने जयस्तंभ चौक का भी जीर्णोध्वार किया। कोतवाली थाने का निर्माण किया,कई इलाकों का चौड़ीकरण किया गया। गोलबाजार पर बड़े कार्ययोजना पर काम शुुरू हो गया है। यहां जो कारोबार कर रहे हैं मगर किरायेदार है, हम उन्हे मालिक बना देंगे। जवाहर बाजार नए रूप में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि 24,970 पेंशनधारी को सुविधा प्रदान करने एटीएम देने का फैसला किया, अब कहीं से भी पैसे निकाल सकते हैं। एक साल में 900 कर्मचारी बढ़ाए गए हैं ,आने वाले साल में काम तय किया है। 2021 में बाजार क्षेत्र के तार अंडर ग्राउंड करेंगे, नालियां कवर करेंगे, शारदा चौक की चौड़ीकरण अगले साल में कर देंगे। हिन्द स्पोर्टिंग मैदान भी तैयार कर रहे हैं। मालवीय रोड के ट्रैफिक समस्या को खत्म करेंगे।  20 जनवरी के बाद मल्टीलेवल पार्किंग और नए बस स्टैंड का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान महापौर ने भाजपा पर हमला भी बोला और कहा अगर हम एक साल में अक्षम होते तो भाजपा हमारा घेराव करती, आरोप लगाती लेकिन वह  तो अपना नेता प्रतिपक्ष तक नहीं चुन पाई है।

 

#महापौर

Source : Agency

पाठको की राय