Tuesday, October 20th, 2026

जांच में हुआ खुलासा: मकानों के नाम पर सबसे ज्यादा लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में ठगी 

 लखनऊ 
यूपी रेरा की जांच में इसका खुलासा हुआ है। अकेले लखनऊ में बिल्डरों को 739 आरसी जारी की गयी है। बिल्डरों ने मकान के नाम पर जनता से सबसे ज्यादा ठगी प्रदेश के तीन शहरों में की है। इन्हीं तीन शहरों में 90% से ज्यादा की ठगी हुई है। प्रदेश में मकान, प्लॉट तथा फ्लैट के नाम पर तीन शहरों में ही सबसे ज्यादा ठगी हुई है। इन तीन शहरों के अधिकारी अगर सख्त हो जाएं तो जनता का पैसा वापस मिलने में देर नहीं लगेगी। लेकिन बिल्डरों की जड़े इतनी गहरी हैं कि अधिकारी इनकी संपत्तियों को नीलाम करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। यूपी रेरा ने जो आरसी जारी की है उसकी वसूली तक नहीं कराई जा रही है।

यही वजह है कि जनता को उनकी गाढ़ी कमाई वापस नहीं मिल पा रही है। यूपी रेरा ने अभी तक जो कुल 3161 आरसी बिल्डरों को जारी की है इसमें 2334 आरसी केवल एनसीआर के बिल्डरों की ही हैं। केवल 827 आरसी नान एनसीआर की हैं। इसमें भी अकेले 1849 आरसी नोएडा के बिल्डरों को ही जारी हुई है। 426 आरसी गाजियाबाद तथा 739 आरसी लखनऊ के बिल्डरों को जारी हुई है। कुल 3161 आरसी में से केवल 147 आरसी ही प्रदेश के दूसरे जिलों के बिल्डरों को जारी हुई है। बाकी 3014 आरसी केवल इन्हीं तीन शहरों के बिल्डरों को जारी हुई है।
 

 

#जांच में हुआ खुलासा

Source : Agency

पाठको की राय